सिदगोड़ा बाजार शराब दुकान चोरी का खुलासा, दो आरोपी गिरफ्तार कर भेजे गए जेल


जमशेदपुर: जमशेदपुर के सिदगोड़ा थाना क्षेत्र अंतर्गत सिदगोड़ा बाजार स्थित शराब दुकान में हुई चोरी की घटना का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। इस मामले में पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया है।

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान आदित्यपुर काली मंदिर के पास रहने वाले कार्तिक लोहार उर्फ चेपा (23) और आरआइटी थाना क्षेत्र निवासी रितिक पाल (25) के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार, दोनों आरोपियों का आपराधिक इतिहास भी रहा है।
सिदगोड़ा थाना प्रभारी बिरेन्द्र कुमार ने शनिवार को मामले का खुलासा करते हुए बताया कि 28 जनवरी 2026 को अज्ञात चोरों ने सिदगोड़ा बाजार स्थित शराब दुकान में चोरी की वारदात को अंजाम दिया था। घटना दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरे में रिकॉर्ड हो गई थी।
सीसीटीवी फुटेज के आधार पर पुलिस ने सिदगोड़ा और बिरसानगर के सीमावर्ती क्षेत्रों में छानबीन शुरू की। इसी क्रम में गश्ती के दौरान बारीडीह बाजार के मनिपाल हॉस्टल के पीछे, घोड़ा मंदिर रोड स्थित टाल के पीछे से दो संदिग्धों को पकड़ा गया।
पूछताछ के दौरान दोनों आरोपियों ने चोरी की घटना में संलिप्तता स्वीकार कर ली। पुलिस ने उनके पास से क्रमशः 2,700 रुपये और 3,300 रुपये नकद बरामद किए हैं।
फिलहाल दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया है। पुलिस का कहना है कि मामले में आगे की कानूनी प्रक्रिया पूरी की जा रही है।



