लालू-तेजस्वी पर शाह ने साधा निशाना


मुजफ्फरपुरः केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने राष्ट्रीय जनता दल (राजद) के प्रमुख लालू प्रसाद और उनके परिवार पर हमला बोलते हुए रविवार को दावा किया कि अगर पूर्व मुख्यमंत्री के बेटे तेजस्वी यादव को सत्ता मिली तो बिहार में ‘‘हत्या, अपहरण और रंगदारी’’ के तीन नए मंत्रालय बनाए जाएंगे।अमित शाह ने कहा- लालू-राबड़ी के जंगलराज में आए दिन बिहार में नरसंहार होते थे, हत्याएं होती थी, अपहरण, फिरौती के उद्योग चलते थे और महिलाओं की अस्मिता भी लूटी जाती थी। अब वही जंगलराज नए चेहरों के साथ, नए कपड़ों में और नए भेष में आ रहा है।वैशाली में एक दूसरी सभा में अमित शाह ने कहा, “प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने भारत को सुरक्षित, समृद्ध और सशक्त बनाया है और अनेक जनकल्याणकारी योजनाएं शुरू की हैं। जीएसटी में कटौती से बिहार के लीची उत्पादकों को लाभ मिलेगा, जबकि मुजफ्फरपुर में 20,000 करोड़ रुपये की लागत से एक ‘मेगा फूड पार्क’ स्थापित करने की दिशा में कदम उठाए जा रहे हैं। मोदी-नीतीश शासन में बिहार देश का पहला राज्य बना जिसने रेल इंजन का निर्यात किया और गया में इंजीनियरिंग क्लस्टर स्थापित किया गया।”अमित शाह लालू प्रसाद और कांग्रेस नेता सोनिया गांधी पर निशाना साधते हुए कहा, “दोनों अपने-अपने बेटों को बिहार का मुख्यमंत्री और देश का प्रधानमंत्री बनाना चाहते हैं, जबकि दोनों पद खाली नहीं हैं। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने भारत को सुरक्षित, समृद्ध और सशक्त बनाया है और उन्होंने अनेक जनकल्याणकारी योजनाएं शुरू की हैं।”




