होटल के कमरे में कर्मचारी का शव मिलने से सनसनी, मौत की वजह पर सस्पेंस बरकरार



जमशेदपुर : शहर के साकची स्थित एक होटल में उस समय हड़कंप मच गया, जब होटल के एक कर्मचारी का शव शनिवार सुबह उसके कमरे से बरामद किया गया। घटना की जानकारी मिलते ही होटल प्रबंधन और कर्मचारियों के बीच अफरा-तफरी का माहौल बन गया। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी।

मृतक की पहचान पश्चिम बंगाल के मेदिनीपुर निवासी 35 वर्षीय अनुप प्रमाणिक के रूप में हुई है। होटल प्रबंधन की ओर से घटना की सूचना उसके परिजनों को दे दी गई है। कर्मचारियों के अनुसार अनुप पिछले कुछ समय से पीलिया से पीड़ित था और उसका इलाज भी चल रहा था। आशंका जताई जा रही है कि बीमारी के कारण उसकी तबीयत अचानक बिगड़ गई होगी, जिससे उसकी मौत हुई।
हालांकि पुलिस ने मौत के कारणों को लेकर अभी कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं की है। कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए एमजीएम मेडिकल कॉलेज भेज दिया गया है। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत की वास्तविक वजह स्पष्ट हो सकेगी। फिलहाल पूरे मामले की जांच जारी है।


