चाकुलिया में हवाई पट्टी के पास बुजुर्ग महिला का शव मिलने से सनसनी, हाथी हमले की आशंका


चाकुलिया थाना क्षेत्र में रविवार सुबह हवाई पट्टी के पास एक अज्ञात बुजुर्ग महिला का शव मिलने से इलाके में हड़कंप मच गया। महिला की मौत कैसे हुई, इसे लेकर फिलहाल स्थिति स्पष्ट नहीं है और मामले को रहस्यमय माना जा रहा है।

स्थानीय लोगों के अनुसार, प्रारंभिक तौर पर आशंका जताई जा रही है कि बुजुर्ग महिला की मौत किसी हाथी के हमले में हुई हो सकती है। हालांकि, इसकी आधिकारिक पुष्टि अभी नहीं हुई है। घटनास्थल पर महिला के शव के पास एक नीले रंग का बैग भी मिला है, जिसकी मदद से उसकी पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है।
घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस को जानकारी दी गई। इसके बाद थाना प्रभारी संतोष कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और शव को अपने कब्जे में लेकर जांच शुरू की।
फिलहाल महिला की पहचान नहीं हो पाई है। पुलिस आसपास के गांवों के लोगों से पूछताछ कर रही है, ताकि यह पता लगाया जा सके कि महिला कहां की रहने वाली थी और वह हवाई पट्टी के पास कैसे पहुंची। मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है।



