कचरा डंपिंग के लिए जमीन की तलाश तेज, प्लांट शुरू होने तक मियांकी अभियान से होगा प्रबंधन

बोकारो : चास नगर निगम क्षेत्र में कचरा निस्तारण की समस्या को दूर करने के लिए प्रशासन नई डंपिंग साइट की तलाश कर रहा है। निगम के सभी वार्डों से निकलने वाले घरेलू और अन्य कचरे के व्यवस्थित निस्तारण की योजना बनाई जा रही है। आईटीआई मोड़ के पास कचरा डंपिंग का स्थानीय लोगों द्वारा विरोध किए जाने के बाद प्रशासन वैकल्पिक स्थान पर विचार कर रहा है। पर्याप्त जमीन उपलब्ध नहीं होने के कारण कई स्थानों पर कचरा जमा हो रहा है, जिससे दुर्गंध और मच्छरों की समस्या बढ़ रही है।


कचरा निस्तारण प्लांट चालू होने तक नगर निगम मियांकी अभियान के माध्यम से कचरे के संग्रहण और प्रबंधन की व्यवस्था बेहतर बनाने की तैयारी कर रहा है। इसके तहत नियमित सफाई सुनिश्चित करने और जगह-जगह कचरा जमा होने की समस्या कम करने पर जोर दिया जाएगा। स्थानीय लोगों का कहना है कि दुर्गा पूजा से पहले कचरा डंपिंग की उचित व्यवस्था नहीं होने पर स्थिति और खराब हो सकती है।
चास नगर निगम के एएमसी संजीव कुमार ने बताया कि कचरे के संग्रहण और डंपिंग की व्यवस्था सुधारने में मियांकी अभियान कारगर साबित होगा। उन्होंने कहा कि कचरा निस्तारण प्लांट शुरू होने तक इसी व्यवस्था के तहत काम करने की तैयारी है। फिलहाल प्रशासन डंपिंग के लिए उपयुक्त जमीन और वैकल्पिक व्यवस्था की संभावनाओं पर काम कर रहा है।


