भूख हड़ताल के बाद सड़क पर हुई बैरिकेडिंग, स्थायी डिवाइडर बनाने की पहल

जमशेदपुर : गोलमुरी चौक पर लगातार हो रही सड़क दुर्घटनाओं और जनसुरक्षा को लेकर जमशेदपुर पूर्वी की विधायक पूर्णिमा साहू ने रविवार को धरनास्थल पहुंचकर धर्मवीर कुशवाहा से मुलाकात की। धर्मवीर कुशवाहा सड़क पर डिवाइडर निर्माण की मांग को लेकर पिछले दो दिनों से भूख हड़ताल पर बैठे थे। विधायक ने युवाओं से उनकी मांगों की जानकारी ली और कहा कि सड़क एवं जनसुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने धर्मवीर कुशवाहा और अन्य युवाओं से भूख हड़ताल समाप्त कर अपनी सकारात्मक ऊर्जा सामाजिक कार्यों में लगाने की अपील की।


पूर्णिमा साहू ने मौके से ही पूर्वी सिंहभूम के जिला उपायुक्त और ट्रैफिक डीएसपी से फोन पर बात कर दुर्घटनाओं की स्थिति तथा डिवाइडर निर्माण की मांग से अवगत कराया। इसके बाद उन्होंने संबंधित स्थल का निरीक्षण किया। स्थायी डिवाइडर बनने की प्रक्रिया में समय लगने की संभावना को देखते हुए उन्होंने तत्काल वैकल्पिक व्यवस्था के रूप में छूटे हुए स्थान से गोलमुरी चौक गोलचक्कर तक बैरिकेडिंग कराने की पहल की। उनके हस्तक्षेप के बाद जिला प्रशासन ने वहां बैरिकेडिंग का काम पूरा कराया, जिससे फिलहाल यातायात व्यवस्थित करने और दुर्घटनाओं की आशंका कम करने में मदद मिलेगी।
विधायक ने कहा कि बैरिकेडिंग तात्कालिक सुरक्षा व्यवस्था है। स्थायी समाधान के लिए जिला उपायुक्त, ट्रैफिक डीएसपी और टाटा स्टील यूआईएसएल से डिवाइडर निर्माण की आवश्यक प्रक्रिया आगे बढ़ाने का आग्रह किया गया है। इस दौरान विधायक प्रतिनिधि गुंजन यादव, भाजपा गोलमुरी मंडल अध्यक्ष पप्पू उपाध्याय और अन्य भाजपा कार्यकर्ता मौजूद रहे।


