Swiggy Instamart पर रिकॉर्ड खरीदारी: 228 ऑर्डर में एक लाख से ज्यादा के कॉन्डम, 10 मिनट की डिलीवरी ने बदली शॉपिंग की आदत


Jamshedpur : स्विगी इंस्टामार्ट से जुड़ी 2025 की खरीदारी के आंकड़े एक बार फिर चौंकाने वाले हैं। मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक इस साल इंस्टामार्ट के हर 127 ऑर्डर में से 1 ऑर्डर कॉन्डम का रहा। खास बात यह है कि एक शख्स ने 2025 में अकेले 228 बार ऑर्डर देकर कुल 1 लाख 6,398 रुपये के कॉन्डम खरीदे। अगर किसी को साल में इतनी बार कॉन्डम खरीदने हों तो उसे 228 बार मेडिकल स्टोर जाना पड़ेगा, जहां कई लोग झिझक महसूस करते हैं, लेकिन ‘10 मिनट में डिलीवरी’ के लिए मशहूर इंस्टामार्ट जैसे प्लेटफॉर्म ने ऐसी निजी जरूरतों की खरीद को बेहद आसान और सहज बना दिया है।
स्विगी इंस्टामार्ट की पांचवीं सालाना रिपोर्ट “How India Instamarted 2025” के अनुसार, 2025 में भारत में शॉपिंग का तरीका तेजी से बदला है। इस साल लोगों ने इंस्टामार्ट के जरिए दूध और रोजमर्रा की चीजों से लेकर स्मार्टफोन, कॉन्डम, सोने के सिक्के और चांदी के बिस्किट तक मंगवाए। रिपोर्ट बताती है कि इस प्लेटफॉर्म पर साल का सबसे छोटा ऑर्डर बेंगलुरु में सिर्फ 10 रुपये का रहा, जो एक प्रिंटआउट के लिए था, जबकि हैदराबाद में एक व्यक्ति ने सिंगल ऑर्डर में 4.3 लाख रुपये के आईफोन खरीदे, जो अब तक की सबसे बड़ी एकमुश्त खरीदारी बनी। यही नहीं, एक अन्य ग्राहक ने 68,600 रुपये सिर्फ टिप्स पर खर्च कर दिए।
इतना ही नहीं, 2025 में इंस्टामार्ट का सबसे बड़ा खर्चीला ग्राहक वह रहा, जिसने पूरे साल में करीब 22 लाख रुपये खर्च किए। इस ग्राहक ने 22 iPhone 17, 24 कैरेट सोने के सिक्के, एक फिलिप्स एयर फ्रायर के साथ-साथ रोजमर्रा की जरूरत की चीजें जैसे Tic Tacs, दूध, अंडे, आइसक्रीम और ताजे फल भी मंगवाए। ये आंकड़े साफ तौर पर दिखाते हैं कि इंस्टेंट डिलीवरी प्लेटफॉर्म अब सिर्फ सुविधा नहीं, बल्कि लोगों की बदलती लाइफस्टाइल का अहम हिस्सा बन चुके हैं।




