राज्यसभा चुनाव 2026: महाविकास आघाड़ी ने शरद पवार पर लगाया दांव, कांग्रेस-यूबीटी ने दिया पूरा समर्थन


मुंबई : महाराष्ट्र में राज्यसभा चुनाव को लेकर सियासी हलचल तेज हो गई है। महाविकास आघाड़ी ने आगामी चुनाव के लिए अपने उम्मीदवार के रूप में वरिष्ठ नेता शरद पवार के नाम पर सहमति बना ली है। गठबंधन में शामिल कांग्रेस और शिवसेना (यूबीटी) ने भी उनकी उम्मीदवारी को समर्थन देने का ऐलान किया है। बताया जा रहा है कि सीटों के गणित के अनुसार गठबंधन के खाते में एक सीट आने की संभावना है। इसी सीट पर शरद पवार को उम्मीदवार बनाया गया है। कांग्रेस नेतृत्व ने भी स्पष्ट किया कि पवार गठबंधन के सबसे वरिष्ठ और अनुभवी नेताओं में से हैं, इसलिए उन्हें समर्थन देने का फैसला लिया गया। इससे पहले गठबंधन के भीतर इस एकमात्र सीट को लेकर चर्चा और मतभेद भी देखने को मिले थे। शिवसेना (यूबीटी), कांग्रेस और राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी के बीच उम्मीदवार को लेकर कई दौर की बातचीत हुई। आखिरकार वरिष्ठता और राजनीतिक अनुभव को देखते हुए सभी दल पवार के नाम पर सहमत हो गए।उम्मीदवारी तय होने से पहले गठबंधन के नेताओं के बीच लगातार बैठकें भी हुईं। इसी क्रम में सुप्रिया सुले और पार्टी के अन्य नेताओं ने शिवसेना (यूबीटी) प्रमुख उद्धव ठाकरे से मुलाकात की, जिसके बाद पवार की उम्मीदवारी पर सहमति बन गई।

सुप्रिया सुले ने अन्य राजनीतिक दलों से भी अपील की है कि शरद पवार को निर्विरोध राज्यसभा भेजा जाए। राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि अगर विपक्ष एकजुट रहता है तो उनका निर्वाचन लगभग तय माना जा रहा है।राज्यसभा चुनाव को लेकर महाराष्ट्र की राजनीति में नए समीकरण भी बनते दिखाई दे रहे हैं। अब यह देखना दिलचस्प होगा कि चुनाव में मुकाबला होता है या शरद पवार निर्विरोध चुने जाते हैं।



