जेल में पुराने विवाद और इलाके में वर्चस्व को लेकर राजवीर पर हुई थी फायरिंग, पुलिस सभी बिंदुओं पर कर रही जांच


Saraikela: आदित्यपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत मांझी टोला में सोमवार को देर रात वर्चस्व की लड़ाई ने हिंसक रूप ले लिया था. दरअसल यह घटना जेल में चल रही आपराधिक रंजिश का परिणाम है. जिसमें यहां दो गुटों के बीच गैंगवार के दौरान ताबड़तोड़ फायरिंग हुई थी. इस दौरान अपराधी कृष्णा गोप के शूटर आशीष दीप को निशाना बनाकर सात राउंड गोलियां चलाई थी. फायरिंग के बाद बाइक से भागने के क्रम में आशीष के साथ मौजूद उसके दोस्त और बाइक चालक राजवीर सिंह उर्फ लालू (22 वर्ष) को गोली लग गई थी. गोली उसकी कमर के नीचे पीठ के हिस्से में जा फंसी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया था. घटना के तुरंत बाद साथी उसे इलाज के लिए टाटा मुख्य अस्पताल ले गए थे, जहां अस्पताल में डॉक्टरों की टीम देर रात तक ऑपरेशन कर गोली निकालने में सफलता हासिल की थी. सूचना मिलते ही आदित्यपुर थाना की पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की, जिसमें घटनास्थल से तीन खोखा बरामद किए गए थे. पुलिस ने अस्पताल पहुंचकर घायल राजवीर सिंह का बयान भी दर्ज किया है. जिसमें फायरिंग का आरोप जेल में बंद अपराधी संजय सरकार के बेटे शुभम सरकार और उसके साथियों पर लगाया गया है. प्रारंभिक जांच में यह बात सामने आया है कि यह टकराव जेल में पुराने विवाद और इलाके में वर्चस्व को लेकर हुआ है. पुलिस के मुताबिक राजवीर सिंह आदित्यपुर के सालडीह बस्ती का रहने वाला है और बाबू गोप हत्याकांड में पहले जेल जा चुका है. वह सोनारी के टिंकू साव हत्याकांड के आरोपी रोहित मिश्रा (अब मृत) का करीबी बताया जाता है. रोहित मिश्रा की कुछ माह पहले चांडिल के पास सड़क दुर्घटना में मौत हो गई थी.
वहीं आशीष दीप आदित्यपुर के अशियाना क्षेत्र में हुए आकाश गोप हत्याकांड का आरोपी है और उस पर अन्य कई आपराधिक मामले भी दर्ज हैं. आशीष हाल में रांची होटवार जेल में बंद अपराधी कृष्णा गोप से जुड़े मामलों में चर्चा में रहा है. प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, आशीष दीप अपने साथी राजवीर के साथ बाइक से घर लौट रहा था, तभी घात लगाए बदमाशों ने फायरिंग शुरू कर दी. अचानक हुई गोलीबारी से इलाके में अफरा-तफरी मच गई और लोग घरों में दुबक गए. फिलहाल पुलिस पूरे मामले की गहन जांच कर रही है. आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी तेज कर दी गई है, वहीं इलाके में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात कर सुरक्षा बढ़ा दी गई है.




