रिश्वत लेते रंगे हाथ पकड़ा गया रेलवे का JE, CBI की कार्रवाई से मचा हड़कंप


बोकारो : साउथ ईस्टर्न रेलवे के एक जूनियर इंजीनियर (जेई) रविंद्र कुमार को सीबीआई ने मंगलवार को रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया। आरोपी बोकारो के भोजूडीह (आद्रा डिवीजन) में इलेक्ट्रिकल जेई के पद पर तैनात था। आरोप है कि उसने एक निजी कंपनी के प्रतिनिधि से साइट ऑफिस के लिए बिजली कनेक्शन दिलाने के बदले 15,000 रुपये की मांग की थी।

शिकायत मिलने के बाद 16 मार्च को प्रारंभिक जांच की गई और इसके आधार पर सीबीआई ने जाल बिछाया। इसी दौरान आरोपी को 10,000 रुपये की पहली किस्त लेते समय पकड़ लिया गया। गिरफ्तारी के बाद सीबीआई ने आरोपी के कार्यालय और आवास पर एक साथ छापेमारी शुरू कर दी है, जहां से दस्तावेज और डिजिटल सबूत जुटाए जा रहे हैं।
जांच एजेंसी यह भी पता लगा रही है कि क्या आरोपी पहले भी इस तरह के भ्रष्टाचार में शामिल रहा है या अन्य रेलवे कर्मियों की इसमें भूमिका है। कानूनी प्रक्रिया पूरी होने के बाद आरोपी को अदालत में पेश किया जाएगा, जबकि जब्त साक्ष्यों की फोरेंसिक जांच जारी है।



