पत्नी की बेवफाई से टूटा वाराणसी का राहुल, जान देने से पहले वीडियो में बयां किया दर्द


उत्तर प्रदेश: उत्तर प्रदेश के वाराणसी में एक युवक ने पत्नी की बेवफाई से तंग आकर मौत को गले लगा लिया. घटना लोहता थाना क्षेत्र के बनकट गांव की है. मंगलवार सुबह 28 वर्षीय युवक राहुल मिश्रा ने अपने घर में फांसी लगाकर जान दे दी. मृतक राहुल ने कुछ साल पहले ही लव मैरिज की थी. मरने से पहले मृतक ने एक वीडियो भी बनाया जिसमें उसने पत्नी की बेवफाई का दर्द बयान किया है. अब यह वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है.वीडियो में राहुल कह रहा है कि उसकी पत्नी के शुभम सिंह डेंजर से अवैध संबंध हैं. मैं आत्महत्या करने जा रहा हूं जिसकी पूरी जिम्मेदारी मेरी पत्नी, प्रेमी शुभम और सास की होगी. वीडियो में राहुल कह रहा है कि “मैं अपनी पत्नी से बहुत प्यार करता हूं. मैं जीना चाहता था लेकिन आज सुसाइड करने जा रहा हूं. मुझे नहीं पसंद की मेरी वाइफ किसी और से बात करे. मेरा एक छोटा सा बेटा है. मैं उसके बिना नहीं रह सकता. लेकिन मुझे मिलने नहीं दिया गया.”इस मामले में मृतक की मां रानी देवी का आरोप है कि बेटे की पत्नी का किसी अन्य युवक से अवैध संबंध था और दोनों मिलकर उसे लगातार मानसिक प्रताड़ना देते थे, जिससे तंग आकर उसने यह कदम उठाया. मृतक की मां की लिखित तहरीर पर लोहता पुलिस ने पत्नी, उसके कथित प्रेमी कर सास के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है. पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है. फॉरेंसिक टीम ने मौके पर पहुंचकर साक्ष्य जुटाए हैं. परिजनों ने बताया कि मृतक अपने माता-पिता की इकलौती संतान था. शादी को कुछ वर्ष ही हुए थे और दंपति के बीच अक्सर विवाद रहता था. मां का कहना है कि बहू आए दिन घर से बाहर रहती थी और बेटे को अपमानित करती थी. बार-बार की प्रताड़ना से वह गहरे अवसाद में चला गया था.थाना प्रभारी राजबहादुर मौर्य ने बताया कि मां की तहरीर पर राहुल की पत्नी संध्या, प्रेमी शुभम सिंह उर्फ़ डेंजर और सास के खिलाफ आत्महत्या के लिए उकसाने का मुकदमा दर्ज किया गया है. पुलिस मामले की गहन जांच कर रही है. जो भी तथ्य निकलकर सामने आएगा उसकी अनुसार अग्रिम विधिक कार्रवाई की जाएगी.




