झारखंड के बिल्डर से राहुल दुबे गैंग ने मांगी पांच करोड़ रुपये की रंगदारी,


रांचीः राहुल दुबे गैंग झारखंड पुलिस के लिए बड़ी चुनौती बनते जा रहा है. राज्य भर से राहुल गैंग के अपराधी लगातार गिरफ्तार हो रहे हैं. इसके बावजूद दुबे गैंग का आतंक खत्म नहीं हो रहा है. ताजा मामला रांची के अरगोड़ा थाना क्षेत्र का है. यहां के एक बिल्डर से राहुल दुबे गैंग के नाम पर 5 करोड़ की रंगदारी मांगी गई है.रांची के अरगोड़ा थाना क्षेत्र में रहने वाले बिल्डर राफे कमाल से राहुल दुबे गैंग के नाम पर 5 करोड़ की रंगदारी मांगी गई है. इस मामले को लेकर बिल्डर ने रांची के अरगोड़ा थाना में एफआईआर दर्ज करवाया है.

एफआईआर में बिल्डर ने बताया है कि उनकी पंडरा स्थित एक जमीन को लेकर कुछ लोग लगातार उन्हें धमका रहे हैं. धमकी देने वालों में तौसिफ, नईम, बादशाह और आसिफ शामिल है. राफे ने चारों के विरूद्ध अरगोड़ा थाना में प्राथमिकी दर्ज करायी है. राफे ने पुलिस को बताया कि 6 जनवरी को जब वह अपने पंडरा स्थित जमीन पर गए तो वहां पर मुझे राहुल दुबे गैंग और अमन साहु गैंग के लोगों द्वारा काम करने की बात कहकर उन्हें भगा दिया.
वहां मौजूद लोगों ने उन्हें धमकी दी कि अगर वह जमीन नहीं छोड़ते हैं तो उन्हें अंजाम भुगताना पड़ेगा. शाम में जब वह घर लौटे तो 60110xxxxx नंबर से एक अज्ञात व्यक्ति ने उनके मोबाइल पर मैसेज भेजा. मैसेज में खुद को राहुल गैंग का प्रकाश शुक्ला बताते हुए 5 करोड़ रुपये रंगदारी की मांग की गई और न देने पर उसी जमीन पर दफन करने की धमकी दी गई. 17 जनवरी को उनके भाई की रेकी करते हुए वीडियो बनाकर भी उन्हें भेजा गया. जिसके बाद डर के मारे राफे थाना पहुंचे और मामला दर्ज कराया.



