राबड़ी देवी खाली कर रहीं 10 सर्कुलर रोड वाला सरकारी आवास,


पटना: पटना में पूर्व मुख्यमंत्री राबड़ी देवी के सरकारी आवास 10 सर्कुलर रोड को खाली करने की प्रक्रिया शुरू हो गई है. सुबह करीब 3 से 4 गाड़ियां आवास परिसर में दाखिल हुईं, जिनसे गमले, पौधे और अन्य सामान बाहर शिफ्ट किया गया. फिलहाल पूरा सामान कब तक शिफ्ट हो पाएगा, इसकी आधिकारिक जानकारी सामने नहीं आई है.पिछले महीने ही राबड़ी देवी को 39 होर्डिंग रोड पर नया आवास आवंटित किया गया था. उन्हें यह आवास विधान परिषद में नेता प्रतिपक्ष होने के नाते दिया गया है. इसके बावजूद, राबड़ी देवी अभी भी 10 सर्कुलर रोड में ही रह रही थीं. अब आवास खाली करने की प्रक्रिया शुरू होने के बाद अनुमान लगाया जा रहा है कि जल्द ही उनके नए आवास में शिफ्टिंग पूरी हो सकती है.जब आवास खाली किया जा रहा है, उस समय लालू प्रसाद यादव और तेजस्वी यादव दोनों ही पटना से बाहर हैं। भवन निर्माण विभाग ने 25 नवंबर को ही राबड़ी देवी को बंगला खाली करने का निर्देश जारी कर दिया था, जिसकी मियाद 25 दिसंबर को पूरे एक महीने हो गई थी। हालांकि, आरजेडी की ओर से सामान शिफ्ट किए जाने को लेकर कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है।गौरतलब है कि राबड़ी देवी वर्तमान में विधान परिषद में विपक्ष की नेता हैं और वह 16 जनवरी 2006 से 10 सर्कुलर रोड स्थित बंगले में रह रही थीं। सरकारी आदेश के तहत अब उन्हें हार्डिंग रोड स्थित केंद्रीय पूल आवास, बंगला नंबर 39 में स्थानांतरित किया जा रहा है। भवन निर्माण विभाग के अनुसार, यह आवास विधान परिषद में विपक्ष के नेता के लिए निर्धारित है।




