प्रधानमंत्री मोदी 8 नवंबर को करेंगे वाराणसी का दौरा,वंदे भारत ट्रेन की देंगे सौगात,


वाराणसी : भारत की आधुनिक रेल अवसंरचना के विस्तार की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम के रूप में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 8 नवंबर को सुबह लगभग 8:15 बजे वाराणसी का दौरा करेंगे और चार नई वंदे भारत एक्सप्रेस ट्रेनों को झंडी दिखाएंगे। नई वंदे भारत एक्सप्रेस ट्रेनें बनारस-खजुराहो, लखनऊ-सहारनपुर, फिरोजपुर-दिल्ली और एर्नाकुलम-बेंगलुरु मार्गों पर चलेंगी। प्रमुख गंतव्यों के बीच यात्रा के समय को उल्लेखनीय रूप से कम करने के जरिए, ये ट्रेनें क्षेत्रीय गतिशीलता में वृद्धि करेंगी, पर्यटन को बढ़ाएंगी और देश भर में आर्थिक कार्यकलापों को बढ़ावा देंगी। बनारस-खजुराहो वंदे भारत एक्सप्रेस इस रूट पर सीधी कनेक्टिविटी प्रदान करेगी और वर्तमान में चल रही विशेष ट्रेनों की तुलना में लगभग 2 घंटे 40 मिनट की बचत करेगी। बनारस-खजुराहो वंदे भारत एक्सप्रेस भारत के कुछ सबसे प्रतिष्ठित धार्मिक और सांस्कृतिक स्थलों, जैसे वाराणसी, प्रयागराज, चित्रकूट और खजुराहो को जोड़ेगी। यह संपर्क न केवल धार्मिक और सांस्कृतिक पर्यटन को बढ़ावा देगा, बल्कि तीर्थयात्रियों और यात्रियों को यूनेस्को विश्व धरोहर स्थल खजुराहो तक त्वरित, आधुनिक और आरामदायक यात्रा भी प्रदान करेगा।
लखनऊ-सहारनपुर वंदे भारत एक्सप्रेस लगभग 7 घंटे 45 मिनट में यात्रा पूरी करेगी, जिससे यात्रा समय में लगभग 1 घंटे की बचत होगी। लखनऊ-सहारनपुर वंदे भारत एक्सप्रेस से लखनऊ, सीतापुर, शाहजहांपुर, बरेली, मुरादाबाद, बिजनौर और सहारनपुर के यात्रियों को बहुत लाभ होगा, साथ ही रुड़की होते हुए हरिद्वार तक उनकी पहुंच भी बेहतर होगी। मध्य और पश्चिमी उत्तर प्रदेश में सुगम तथा त्वरित अंतर-शहर यात्रा सुनिश्चित करने के ज़रिए, यह सेवा कनेक्टिविटी और क्षेत्रीय विकास को बढ़ाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।
प्रधानमंत्री के कार्यक्रम में शामिल होने के लिए रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव शुक्रवार की दोपहर में बनारस आ जाएंगे। यहां आने के बाद रेलमंत्री बनारस रेलवे स्टेशन पर नई वंदेभारत एक्सप्रेस को देखेंगे और इसके उदघाटन समारोह की तैयारियों का जायजा भी लेंगे। इस दौरान रेलवे बोर्ड के चेयरमैन सतीश कुमार, महाप्रबंधक पूर्वोत्तर रेलवे उदय बोरवणकर, डीआरएम आशीष जैन सहित अन्य अधिकारी भी मौजूद रहेंगे।पूर्वोत्तर रेलवे की ओर से बनारस से चार नई वंदेभारत एक्सप्रेस के शुभारंभ कार्यक्रम को देखते हुए विद्यालयों में ‘विकसित बनारस एवं आत्मनिर्भर भारत‘ विषय पर निबंध, पेंटिंग (चित्रकारी) एवं कविता प्रतियोगिता करवाई जा रही है। इसमें कक्षा 6 से 8 और 9 से 12 तक के 1,200 छात्र-छात्राओं ने अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। इसमें केंद्रीय विद्यालय(केवी) 39 जीटीसी, केवी कंचनपुर, केवी बरेका,सेंट्रल हिन्दू गर्ल्स स्कूल, कमच्छा के विद्यार्थी शामिल हुए।




