शहीद सम्मान तिरंगा यात्रा की तैयारी तेज, दर्जनों इलाकों में बैठक कर लोगों से जुड़ने की अपील


जमशेदपुर : 22 मार्च को आयोजित होने वाली अखंड तिरंगा यात्रा सह शहीद सम्मान यात्रा को लेकर शहर के विभिन्न क्षेत्रों में लगातार बैठकें आयोजित की जा रही हैं। इस क्रम में बाबूडीह, बीरू लाइन, होमपाइप, इंद्रानगर, नंदनगर, खुशबू नगर, भुइंयाडीह पार्क, करनडीह और नमन कार्यालय में ताइक्वांडो प्रशिक्षकों तथा विभिन्न खेलों के प्रशिक्षकों के साथ बैठक कर लोगों से अधिक से अधिक संख्या में शामिल होने की अपील की गई।

इस अवसर पर नमन परिवार के संस्थापक अमरप्रीत सिंह काले ने कहा कि यह यात्रा केवल एक कार्यक्रम नहीं बल्कि देश के अमर शहीदों के प्रति सम्मान और कृतज्ञता व्यक्त करने का माध्यम है। उन्होंने सभी नागरिकों से आग्रह किया कि वे बड़ी संख्या में भाग लेकर शहीदों के बलिदान को नमन करें और देशभक्ति की भावना को मजबूत बनाएं।
उन्होंने बताया कि मां भारती के वीर सपूतों के सम्मान में निकाली जाने वाली यह यात्रा समाज में देशभक्ति, एकता और शहीदों के प्रति सम्मान की भावना को और मजबूत करेगी। बैठक में उपस्थित लोगों ने भी इस यात्रा को भव्य और सफल बनाने के लिए सक्रिय सहयोग देने का संकल्प लिया।



