जनसंख्या नियंत्रण कानून की माँग को लेकर जनसंख्या समाधान फाउन्डेशन के कार्यकर्ताओं ने ली प्रतिज्ञा


■ फाउंडेशन ने कानून के समर्थन में सैकड़ों आम नागरिकों के हस्ताक्षर पत्र प्रधानमंत्री को भेजा।


जमशेदपुर(संवाददाता ):- जनसंख्या समाधान फाउन्डेशन के कार्यकर्ताओं ने बुधवार को देशभर में ‘प्रतिज्ञा दिवस’ मनाया। जमशेदपुर में जनसंख्या समाधान फाउंडेशन के जिलाध्यक्ष प्रेम झा के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने राष्ट्रीय ध्वज तिरंगे के सम्मुख जनसंख्या नियंत्रण कानून बनवाने और अखंड भारत का सपना पूरा करने की प्रतिज्ञा ली। गोलमुरी स्थित जॉगर्स पार्क में आयोजित प्रतिज्ञा दिवस कार्यक्रम में फाउंडेशन के प्रदेश संरक्षक अभय सिंह एवं जिला संरक्षक कुणाल षाड़ंगी मुख्यरूप से शामिल हुए। उपस्थित जनों ने भारत माता की तस्वीर पर पुष्प अर्पित कर और द्वीप प्रज्वलित कर कार्यक्रम का विधिवत शुभारंभ किया। इस दौरान उत्साहित कार्यकर्ताओं ने भारत माता की जय और वंदे मातरम के नारे लगाये। सैकड़ो कार्यकर्ताओं व आम नागरिकों ने कानून के समर्थन में हस्ताक्षर कर प्रधानमंत्री भारत सरकार को भेजा।इस अवसर पर फाउंडेशन के जिलाध्यक्ष प्रेम झा ने संगठन के कार्यों की जानकारी देते हुए देश में बढ़ती जनसंख्या को कोरोना महामारी की भांति बताया और कहा कि समय से इसका इलाज होना नितांत आवश्यक है। उन्होंने बताया कि जनसंख्या विस्फोट की समस्या के समाधान के लिए जनसंख्या समाधान फाउन्डेशन पिछले 8 वर्षों से शांतिपूर्ण तरीके से पूरे देश में लगातार धरने, प्रदर्शन, पदयात्राओं, जागरूकता रैली, प्रधानमंत्री के नाम ज्ञापन एवं पत्र, सांसद संवाद तथा सार्वजनिक सभाओं एवं रैलियों के माध्यम से सरकार के समक्ष देश में अधिकतम दो बच्चों का कानून बनाकर लागू करने की मांग उठा रहा है। कहा कि देश में बेतहाशा जनसंख्या वृद्धि पर अंकुश लगाना अनिवार्य हो गया है। उन्होंने बताया कि देशभर के 3000 स्थानों पर प्रतिज्ञा दिवस का आयोजन किया गया, जिसमें 3 लाख कार्यकर्ता ने जनसंख्या नियंत्रण कानून लागू करवाने की प्रतिज्ञा ली।
वहीं, प्रदेश संरक्षक अभय सिंह ने जनसंख्या विस्फोट पर चिंता व्यक्त करते हुए कहा कि देश को पुनः विभाजन से बचाने के लिए जनसंख्या नियंत्रण कानून लागू करना आवश्यक है। कहा कि इस अभियान को 125 सांसदों और अनेक केन्द्रीय मंत्रियों का समर्थन प्राप्त है। संगठन का प्रतिनिधिमंडल भारत के राष्ट्रपति जी को मिलकर उन्हें जनसंख्या नियंत्रण कानून विषयक अपनी मांग के संबंध में ज्ञापन सौंप चुका है। जब तक देश में कठोर जनसंख्या नियंत्रण कानून लागू नहीं किया जाएगा तबतक संगठन के कार्यकर्ता विश्राम नहीं करेंगे।जिला संरक्षक कुणाल षाड़ंगी ने जनसंख्या नियंत्रण को लेकर कानून बनाने के साथ ही महिलाओं और पूरे समाज को जागरूक करने की जरूरत पर बल दिया। उन्होंने कहा कि बढ़ती जनसंख्या पर अंकुश बिना देश का विकास संभव नहीं। नियंत्रित जनसंख्या से ही उपलब्ध आंतरिक संसाधनों का बेहतर इस्तेमाल हो सकता है और लोगों को बेहतर क्वालिटी लाईफ दी जा सकती है। श्री षाड़ंगी ने जनसंख्या नियंत्रण कानून को समय की मांग बताया।प्रतिज्ञा कार्यक्रम में प्रदेश संरक्षक अभय सिंह, जमशेदपुर महानगर के संरक्षक कुणाल षाड़ंगी, जमशेदपुर जिलाध्यक्ष प्रेम झा, घनश्याम पांडेय, महासचिव धनेश्वर सिंह, जिला संयोजक सुमित श्रीवास्तव, उषा सिंह, महिला विंग अध्यक्ष रीना चौधरी, पप्पू कुमार, अमिश अग्रवाल, पप्पू उपाध्याय, ह्नन्नी परिहार, सुनील झा, विक्रम चंद्राकर, आदित्य रंजन, अंकित अरोड़ा, देवेंद्र पांडेय, अमित राज, प्रीति पांडा, खुशी ओझा, मधुमाला, सरबजीत कौर समेत अन्य पदाधिकारी व आमजन उपस्थित थे।