बैंक लूट के बाद पुलिस अलर्ट, अंतरजिला सीमाओं पर 24 घंटे वाहन चेकिंग के निर्देश

सरायकेला : जमशेदपुर के गोलमुरी स्थित केनरा बैंक में दिनदहाड़े हुई बड़ी लूट की वारदात के बाद सीमावर्ती सरायकेला-खरसावां जिले में भी पुलिस प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद हो गया है। कोल्हान रेंज के डीआईजी अनुरंजन किस्पोट्टा ने जमशेदपुर के साथ-साथ सरायकेला पुलिस को अलर्ट पर रहने का आदेश जारी किया है। इसी क्रम में गुरुवार शाम गम्हरिया थाना परिसर में उच्चस्तरीय अपराध समीक्षा बैठक आयोजित की गयी।


बैठक की अध्यक्षता करते हुए कोल्हान डीआईजी ने जिले के सभी वरीय पुलिस अधिकारियों एवं थाना प्रभारियों को बैंकिंग सुरक्षा के कड़े मानकों का पालन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। उन्होंने सभी वित्तीय संस्थानों, बैंकों और एटीएम के आसपास नियमित गश्त और सीसीटीवी निगरानी पुख्ता करने को कहा। बैठक में सरायकेला एसपी मनोज स्वर्गियारी, सरायकेला अनुमंडल एवं चांडिल अनुमंडल के पुलिस पदाधिकारी समेत जिले के सभी थानों के प्रभारी मौजूद थे।
डीआईजी ने हालिया बैंक लूट के फरार अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए अंतरजिला सीमाओं पर 24 घंटे सघन वाहन चेकिंग अभियान चलाने का आदेश दिया। बैठक में जिले की समग्र विधि-व्यवस्था की भी समीक्षा की गयी। आगामी दुर्गा पूजा के दौरान शांति एवं सौहार्द बनाये रखने, असामाजिक तत्वों के खिलाफ एहतियाती कार्रवाई, संवेदनशील स्थानों पर अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती और शहरी एवं ग्रामीण क्षेत्रों में सुगम ट्रैफिक परिचालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिये गये। अधिकारियों को लापरवाही बरतने पर सख्त कार्रवाई की चेतावनी भी दी गयी।


