जमशेदपुर : जमशेदपुर के परसुडीह थाना क्षेत्र अंतर्गत किताडीह राजू बागान में लोको पायलट के बंद घर से हुई चोरी के मामले का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। इस मामले में पुलिस ने तीन हिस्ट्रीशीटर अपराधियों को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया है।
Advertisements

Advertisements

गिरफ्तार अभियुक्तों की पहचान बागबेड़ा हरहरगुट्टू निवासी विकास महतो उर्फ बुलेट (22), संजय कुमार उर्फ गबरु (25) और राजेश शर्मा उर्फ पांडेय (21) के रूप में हुई है। तीनों आरोपी बागबेड़ा थाना क्षेत्र के रहने वाले बताए गए हैं।
पुलिस ने आरोपियों के पास से चोरी का सामान भी बरामद किया है, जिसमें एक लैपटॉप, सैमसंग कंपनी का मोबाइल फोन, 5 हजार रुपये नकद, एचपी कंपनी का चार्जर, एक बाइक, पलास, पन्ना, पेचकस तथा तीन अलग-अलग कंपनियों के मोबाइल फोन शामिल हैं।
इस मामले का खुलासा करते हुए सिटी एसपी कुमार शिवाशीष ने गुरुवार को बताया कि आरोपी राजेश शर्मा ने सबसे पहले बंद घर की रेकी की थी। इसके बाद उसी रात सभी आरोपियों ने मिलकर चोरी की घटना को अंजाम दिया।
सिटी एसपी ने बताया कि चोरी गए जेवरात की बरामदगी अभी नहीं हो सकी है, लेकिन उसे भी जल्द ही रिकवर कर लिया जाएगा। इस कांड में शामिल दो अन्य फरार आरोपियों की तलाश में लगातार छापेमारी की जा रही है।
फिलहाल तीनों गिरफ्तार हिस्ट्रीशीटर अपराधियों को जेल भेज दिया गया है। पुलिस का कहना है कि आगे की कार्रवाई और जांच जारी है।