पश्चिमी सिंहभूम उपायुक्त के नाम पर फर्जी व्हाट्सएप अकाउंट से मांगी जा रही ‘मईया योजना’ की भुगतान जानकारी, प्रशासन सतर्क


चाईबासा। पश्चिमी सिंहभूम जिले में साइबर ठगों की गतिविधियां एक बार फिर सक्रिय हो गई हैं। इस बार ठगी का तरीका बेहद चौंकाने वाला है। जिले के उपायुक्त का फर्जी व्हाट्सएप अकाउंट बनाकर ‘मईया योजना’ से जुड़ी भुगतान संबंधी जानकारी विभिन्न पदाधिकारियों और कर्मियों से मांगी जा रही है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, किसी अज्ञात व्यक्ति ने जिले के उपायुक्त के प्रोफाइल फोटो और नाम का इस्तेमाल कर एक व्हाट्सएप अकाउंट बनाया है। इसके जरिए वह विभागीय अधिकारियों, पंचायत प्रतिनिधियों और कर्मचारियों को संदेश भेज रहा है कि उन्हें “मईया योजना” के लाभुकों के भुगतान से संबंधित विवरण तत्काल भेजना है। कुछ मामलों में संवेदनशील फाइल और दस्तावेज भी मांगे गए हैं।
जिला प्रशासन ने इस पर गंभीर संज्ञान लेते हुए स्पष्ट किया है कि उपायुक्त द्वारा किसी भी योजना से संबंधित जानकारी इस प्रकार कभी नहीं मांगी जाती, और इस तरह के फर्जी संदेशों से सभी को सावधान रहना चाहिए। उपायुक्त कार्यालय की ओर से साइबर थाने में शिकायत दर्ज करा दी गई है, और साइबर सेल ने जांच शुरू कर दी है।
जिला सूचना कार्यालय की ओर से भी प्रेस विज्ञप्ति जारी कर सभी अधिकारियों और आमजन से अपील की गई है कि वे किसी भी व्हाट्सएप संदेश पर बिना पुष्टि के कोई भी जानकारी साझा न करें। यदि किसी को इस तरह का कोई मैसेज प्राप्त हो तो तुरंत साइबर हेल्पलाइन 1930 या नजदीकी थाने में सूचित करें।




