पवन सिंह से ‘पति पत्नी और पंगा’ में शामिल होने के लिए आया फोन, बोले- मैं किसके साथ जाऊंगा?

मनोरंजन : भोजपुरी अभिनेता और गायक पवन सिंह ने खुलासा किया है कि उन्हें रियलिटी शो ‘पति पत्नी और पंगा’ में शामिल होने के लिए फोन आया था। सोमवार को पटना में आयोजित भोजपुरी अवॉर्ड शो के दौरान भाजपा सांसद और भोजपुरी अभिनेता मनोज तिवारी के साथ बातचीत में उन्होंने यह किस्सा सुनाया। मनोज तिवारी ने बताया कि वह सुरभि के साथ शो में जा रहे हैं और पवन सिंह से समर्थन मांगा। इस पर पवन सिंह ने मजाकिया अंदाज में कहा कि वह उनका समर्थन करने की हैसियत नहीं रखते, क्योंकि मनोज तिवारी उनके बड़े भाई हैं और उनकी वजह से ही आज कई कलाकार भोजपुरी इंडस्ट्री में पहचान बना पाए हैं।


मनोज तिवारी ने यह भी शिकायत की कि पवन सिंह आजकल उनका फोन नहीं उठाते। उन्होंने बताया कि शो के सिलसिले में रात में पवन सिंह को फोन करने की जिम्मेदारी उन्हें मिली थी, लेकिन कॉल का जवाब नहीं मिला। इस पर पवन सिंह ने माफी मांगी और बताया कि शो की ओर से फोन आने पर उन्होंने पूछा था, “मैं किसके साथ जाऊंगा?” इसके बाद जिन लोगों के नाम बताए गए, उन्हें उन्होंने हाथ जोड़कर नमस्ते कर दिया। कार्यक्रम के दौरान पवन सिंह ने मनोज तिवारी के पैर छूकर उनके योगदान के लिए आभार भी जताया। उन्होंने कहा कि वरिष्ठ कलाकारों के प्रयासों से ही आज भोजपुरी कलाकारों को मंच पर सम्मान मिल रहा है।


