देवघर में यात्री ट्रेन और ट्रक की टक्कर से मचा हड़कंप, दो बाइक सवार घायल


देवघर : देवघर जिले में देवघर–देवीपुर मुख्य सड़क पर नावाडीह रेलवे फाटक के पास उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब गोरखपुर से आसनसोल जा रही एक यात्री ट्रेन की टक्कर एक ट्रक से हो गई। टक्कर इतनी तेज थी कि मौके पर मौजूद लोग सहम गए और कुछ देर के लिए इलाके में हड़कंप की स्थिति बन गई।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, जसीडीह से आसनसोल की ओर जा रही ट्रेन जैसे ही नावाडीह रेलवे फाटक के पास पहुंची, उसी समय देवघर से देवीपुर की ओर जा रहा एक ट्रक खुले रेलवे फाटक से रेल लाइन पार करने लगा। बताया जा रहा है कि उस वक्त रेलवे फाटक बंद नहीं किया गया था।
खतरे को भांपते हुए लोको पायलट ने तुरंत ट्रेन की गति कम की और इमरजेंसी ब्रेक लगाया, लेकिन ट्रेन पूरी तरह रुकने से पहले ही इंजन ट्रक से टकरा गया। टक्कर के बाद ट्रक अनियंत्रित होकर सड़क की ओर पलट गया और वहां से गुजर रही दो मोटरसाइकिलों को अपनी चपेट में ले लिया।
घटना के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। हालांकि राहत की बात यह रही कि इस हादसे में कोई जनहानि नहीं हुई। ट्रक की चपेट में आए दोनों मोटरसाइकिल सवार घायल हो गए, जिन्हें स्थानीय लोगों की मदद से तुरंत नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनका इलाज जारी है।
हादसे के चलते कुछ समय के लिए सड़क और रेल मार्ग दोनों पर आवागमन बाधित हो गया। ट्रेन को मौके पर ही रोकना पड़ा, जबकि सड़क पर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं।
सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस, रेल पुलिस और रेलवे के अधिकारी मौके पर पहुंचे और स्थिति को नियंत्रित करने में जुट गए। रेलवे प्रशासन ने क्रेन की मदद से क्षतिग्रस्त ट्रक को रेल लाइन से हटाने का काम शुरू किया, ताकि जल्द से जल्द रेल और सड़क यातायात को सामान्य किया जा सके। अधिकारियों के अनुसार, हालात अब नियंत्रण में हैं और परिचालन बहाल करने की प्रक्रिया जारी है।



