जमशेदपुर वर्कर्स कॉलेज में मनाया गया राष्ट्रीय सद्भावना अभियान सप्ताह और झंडा दिवस


जमशेदपुर : जमशेदपुर वर्कर्स कॉलेज के राष्ट्रीय सेवा योजना इकाई द्वारा राष्ट्रीय सद्भावना अभियान सप्ताह तथा झंडा दिवस मनाया गया | यह कार्यक्रम राष्ट्रीय सांप्रदायिक सद्भाव प्रतिष्ठान, भारत सरकार के निर्देशानुसार आयोजित किया गया| कार्यक्रम का उद्घाटन जमशेदपुर वर्कर्स कॉलेज के प्राचार्य और मुख्य अतिथि डॉ एस पी महालिक ने किया | उन्होंने राष्ट्रीय सद्भावना एवं देश में एकता एवं अखंडता के महत्व पर प्रकाश डाला | कार्यक्रम के मुख्य वक्ता प्रोफेसर ए के महापात्रा ने बताया कि भारत अनेकता में एकता को संजोकर प्रगति पथ पर आगे बढ़ रहा है | कार्यक्रम के विशिष्ट अतिथि कोल्हान विश्वविद्यालय के कुलानुशासक डॉ एम ए खान थे | मंच संचालन का कार्य एनएसएस प्रोग्राम ऑफिसर और भूगोल विभाग के अध्यक्ष आलोक कुमार चौबे ने किया जबकि धन्यवाद ज्ञापन भूगोल विभाग की सहायक प्राध्यापिका सुरभि सिन्हा ने दिया | महाविद्यालय के समस्त शिक्षक गण, शिक्षकेतर कर्मचारी एवं छात्र छात्राओं ने उपस्थित होकर इस कार्यक्रम में अपनी सफल भागीदारी दी |


