बिहार में करारी हार से डरे मोदी-शाह, वोट चोरी का प्लान बना रहे हैं : सुधीर कुमार पप्पू


जमशेदपुर — अधिवक्ता सुधीर कुमार पप्पू ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और गृह मंत्री अमित शाह पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा है कि उन्हें विभिन्न एजेंसियों से यह जानकारी मिल चुकी है कि बिहार विधानसभा चुनाव में भाजपा और जद (यू) की करारी हार होने वाली है। इसी डर से दोनों नेताओं ने वोट चोरी का प्लान तैयार किया है और चुनाव आयोग को मोहरा बनाकर फर्जी वोटर लिस्ट तैयार करने के संकेत दिए हैं।

पप्पू ने दावा किया कि जिन लोगों के नाम वोटर लिस्ट से काटे जा रहे हैं, वे ज्यादातर पिछड़ी जातियों से हैं। उनका आरोप है कि भाजपा फर्जी वोटरों के सहारे चुनाव जीतने की कोशिश कर रही है। उन्होंने कहा कि बिहार में 65 लाख वोटरों के नाम काटे गए हैं, और चुनाव आयोग को बताना होगा कि ऐसा किन परिस्थितियों में किया गया। कई घरों में 200–300 वोटरों के नाम दर्ज दिखाए गए हैं, जो पूरी तरह गलत है।
उन्होंने कहा कि इंडिया गठबंधन को रोकने के लिए भाजपा साजिश रच रही है, लेकिन बिहार की जनता भाजपा-जद (यू) सरकार को उखाड़ फेंकने का मन बना चुकी है। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार हर मोर्चे पर विफल साबित हुए हैं और भाजपा अब उन्हें हटाने की कोशिश कर रही है।
पप्पू ने यह भी कहा कि कांग्रेस नेता राहुल गांधी पहले ही साबित कर चुके हैं कि चुनाव आयोग फर्जी वोटर बनाकर भाजपा को जिता रही है। उनके मुताबिक, फर्जी वोटरों के सहारे ही नरेंद्र मोदी प्रधानमंत्री बने और भाजपा की सरकार बनी। उन्होंने मांग की कि चुनाव आयोग शपथ पत्र देकर स्पष्ट करे कि फर्जी वोटर नहीं बनाए गए हैं, क्योंकि वर्तमान में आयोग पर गंभीर सवाल खड़े हो चुके हैं।



