15 दिन से लापता किशोर का शव झरने में मिला, हत्या के शक में सड़क जाम


मऊगंज : मध्य प्रदेश के मऊगंज जिले में 16 वर्षीय विवेक विश्वकर्मा का शव देवलहा प्रपात के पानी में तैरता हुआ मिला। वह पिछले करीब 15 दिनों से लापता था और परिवार उसकी तलाश कर रहा था। जानकारी के अनुसार 24 फरवरी को विवेक अपने भाई को बुलाने अष्टभुजी गया था, लेकिन उसके बाद घर नहीं लौटा। प्रपात के पास उसकी साइकिल और मोबाइल मिलने के बाद पुलिस को सूचना दी गई थी और उसकी तलाश शुरू की गई थी।

लड़के की खोज के लिए बनारस से एनडीआरएफ की टीम भी बुलाई गई, लेकिन गहरी खाई और पानी के कारण उसका पता नहीं चल सका। घटना के करीब 15 दिन बाद उसका शव प्रपात के पानी में दिखाई दिया। इसके बाद परिजनों और ग्रामीणों में भारी आक्रोश फैल गया और उन्होंने शव को लालगंज मोड़ पर रखकर सड़क जाम कर दिया। परिजनों का आरोप है कि यह आत्महत्या नहीं बल्कि प्रेम प्रसंग से जुड़ी सुनियोजित हत्या है।
घटना की गंभीरता को देखते हुए कलेक्टर और पुलिस अधीक्षक मौके पर पहुंचे और लोगों को समझाकर शांत कराया। अधिकारियों ने मामले की जांच कराने और कार्रवाई का भरोसा दिया है। पुलिस ने बताया कि पोस्टमार्टम के लिए शव को रीवा के संजय गांधी अस्पताल भेजा गया है और पूरे मामले की जांच की जा रही है।



