हाईराइज इमारत में भीषण आग, आसमान में धुआं ही धुआं, इलाके में हड़कंप


न्यूयॉर्क : मिडटाउन मैनहट्टन में एक ऊंची इमारत में अचानक भीषण आग लग गई, जिससे पूरे इलाके में हड़कंप मच गया। यह आग 17 मार्च की सुबह करीब 9:45 बजे ईस्ट 43वीं स्ट्रीट स्थित एक हाईराइज बिल्डिंग में लगी, जिसके बाद आसमान में काले धुएं का बड़ा गुबार फैल गया।

घटना स्थल सेंट पैट्रिक्स डे परेड रूट के पास था, जिससे वहां मौजूद लोगों में दहशत फैल गई। आग इमारत की ऊपरी मंजिल या छत पर लगे एचवीएसी सिस्टम से शुरू होने की आशंका जताई गई है। सूचना मिलते ही बड़ी संख्या में फायर ब्रिगेड की टीमें मौके पर पहुंचीं और आग बुझाने का अभियान शुरू किया गया।
राहत की बात यह रही कि इस घटना में किसी के हताहत होने की खबर नहीं है, लेकिन सुरक्षा के चलते आसपास के इलाकों को खाली कराया गया और ट्रैफिक पर भी असर पड़ा। अधिकारियों ने आग के कारणों की जांच शुरू कर दी है।



