आदित्यपुर मेयर चुनाव में बड़ा मोड़: संजय सरदार ने निर्दलीय प्रत्याशी के रूप में भरा पर्चा


आदित्यपुर: आदित्यपुर नगर निगम चुनाव में उस समय राजनीतिक सरगर्मी तेज हो गई, जब नामांकन के अंतिम दिन संजय सरदार ने मेयर पद के लिए अपना नामांकन दाखिल कर सबको चौंका दिया। वे पिछले करीब 25 वर्षों से भारतीय जनता पार्टी से जुड़े रहे हैं, लेकिन इस बार पार्टी से आधिकारिक समर्थन न मिलने के बाद उन्होंने निर्दलीय प्रत्याशी के तौर पर चुनाव मैदान में उतरने का फैसला किया है।

बुधवार को संजय सरदार सरायकेला स्थित उपायुक्त कार्यालय पहुंचे और निर्वाचन पदाधिकारी के समक्ष अपना नामांकन पत्र दाखिल किया। उल्लेखनीय है कि पार्टी के भीतर उम्मीदवार चयन को लेकर लंबे समय से चली आ रही चर्चाओं में उनका नाम प्रमुखता से सामने था, लेकिन अंतिम सूची में नाम नहीं आने के बाद उन्होंने यह कदम उठाया।
नामांकन के बाद मीडिया से बातचीत में संजय सरदार ने कहा कि उनकी लड़ाई पद या राजनीति से अधिक आदित्यपुर की बुनियादी समस्याओं को लेकर है। उन्होंने स्पष्ट किया कि जनता और कार्यकर्ताओं की भावनाओं को देखते हुए वे चुनाव लड़ रहे हैं।
उन्होंने अपने चुनावी एजेंडे की जानकारी देते हुए कहा कि उनकी प्राथमिकता “हर घर नल, शुद्ध जल” है। इसके तहत नगर निगम क्षेत्र में पेयजल संकट को दूर करना, स्वच्छ और सुरक्षित पानी हर घर तक पहुंचाना उनका प्रमुख लक्ष्य होगा। इसके अलावा कचरा प्रबंधन और शहर की सफाई व्यवस्था में सुधार, जर्जर सड़कों की मरम्मत, बिजली आपूर्ति और जलजमाव की समस्या का स्थायी समाधान भी उनके एजेंडे में शामिल है।
संजय सरदार ने कहा कि उन्होंने वर्षों तक संगठन के लिए काम किया है और अब जनता की अपेक्षाओं पर खरा उतरने का प्रयास करेंगे। उनके इस फैसले से स्थानीय राजनीति में नई चर्चा शुरू हो गई है।
राजनीतिक जानकारों का मानना है कि संजय सरदार की जमीनी पकड़ और लंबे समय का सांगठनिक अनुभव चुनावी समीकरणों को प्रभावित कर सकता है। ऐसे में आने वाले दिनों में यह देखना दिलचस्प होगा कि मतदाता उनके इस कदम को किस तरह स्वीकार करते हैं।



