सारंडा में वन विभाग की बड़ी कार्रवाई, ओडिशा सीमा के पास से 63 शिलपट लकड़ियां जब्त


चाईबासा के सारंडा वन प्रमंडल अंतर्गत ओडिशा सीमावर्ती क्षेत्र में वन विभाग ने अवैध लकड़ी तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की है। गुप्त सूचना के आधार पर की गई इस कार्रवाई में 63 शिलपट लकड़ियों को जब्त किया गया है।

वन विभाग की टीम ने लगातार दो दिनों तक इलाके में रेकी कर तस्करों की गतिविधियों पर नजर रखी। इसके बाद मंगलवार देर रात कार्रवाई को अंजाम दिया गया। बताया गया है कि इस अभियान के लिए सारंडा डीएफओ और संबंधित रेंजर के नेतृत्व में झारखंड वन विभाग की संयुक्त टीम गठित की गई थी।
इस विशेष टीम में सारंडा के समता वन प्रक्षेत्र, किरीबुरू, गुवा और मनोहरपुर वन प्रक्षेत्र के वनकर्मी शामिल थे। सोमवार से ही संदिग्ध गतिविधियों पर निगरानी शुरू कर दी गई थी, जिसके बाद अवैध रूप से संग्रहित लकड़ियों को बरामद किया गया।
वन विभाग के अनुसार, यह मामला समता रेंज से लगभग 60 किलोमीटर दूर ओडिशा सीमा से सटे नयागांव वन ग्राम-2 क्षेत्र का है। यहां तस्कर लकड़ियों को छिपाकर बिक्री की तैयारी में थे। हालांकि, कार्रवाई के दौरान सभी तस्कर मौके से फरार होने में सफल रहे।
अधिकारियों ने बताया कि अवैध लकड़ी तस्करी में शामिल लोगों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए प्रयास तेज कर दिए गए हैं। दोषियों के खिलाफ वन अधिनियम के तहत सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
गौरतलब है कि सारंडा क्षेत्र में लंबे समय से अवैध लकड़ी तस्करी की शिकायतें मिलती रही हैं। इस कार्रवाई से तस्करों में हड़कंप मच गया है। वन विभाग ने आगे भी सघन जांच और छापेमारी अभियान जारी रखने की बात कही है।



