हिंदू नववर्ष शोभायात्रा को लेकर बड़ा फैसला, 18 मार्च को शहर में भारी वाहनों की एंट्री बंद


जमशेदपुर : हिंदू नववर्ष शोभायात्रा के मद्देनजर शहर में यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने के लिए प्रशासन ने 18 मार्च को भारी वाहनों के प्रवेश पर रोक लगाने का निर्णय लिया है। प्रशासन का कहना है कि इस दिन शहर की सड़कों पर बड़ी संख्या में श्रद्धालु और शोभायात्रा में शामिल लोग मौजूद रहेंगे, इसलिए सुरक्षा और ट्रैफिक नियंत्रण को ध्यान में रखते हुए यह कदम उठाया गया है।

प्रशासन द्वारा जारी निर्देश के अनुसार 18 मार्च को शहर की सीमा के भीतर सभी प्रकार के भारी वाहनों का प्रवेश और आवागमन प्रतिबंधित रहेगा। हालांकि आम यात्री बसों के संचालन को इस प्रतिबंध से बाहर रखा गया है, ताकि लोगों की आवाजाही प्रभावित न हो।
अधिकारियों ने वाहन चालकों और ट्रांसपोर्टरों से अपील की है कि वे जारी ट्रैफिक निर्देशों का पालन करें और प्रशासन का सहयोग करें। यह व्यवस्था हिंदू नववर्ष की शोभायात्रा को शांतिपूर्ण और व्यवस्थित तरीके से संपन्न कराने के उद्देश्य से लागू की गई है।



