राजनगर थाना क्षेत्र में अवैध महुआ शराब अड्डों पर बड़ी कार्रवाई, 80 लीटर शराब जब्त, 1200 किलो जावा महुआ नष्ट


सरायकेला–खरसावां जिले में अवैध शराब के खिलाफ प्रशासन ने सख्त कार्रवाई की है। 29 जनवरी 2026 को उत्पाद विभाग की टीम ने राजनगर थाना क्षेत्र के मुराकाटी और जोजोगोडा गांव में अवैध महुआ शराब अड्डों पर छापेमारी अभियान चलाया।

यह कार्रवाई उपायुक्त सरायकेला–खरसावां के निर्देश पर और अधीक्षक उत्पाद झितिज विजय मिंज के नेतृत्व में की गई। प्राप्त गुप्त सूचना के आधार पर टीम ने दोनों गांवों में एक साथ दबिश दी।
छापेमारी के दौरान कुल 80 लीटर अवैध महुआ शराब बरामद की गई, जिसे विधिवत जब्त कर लिया गया। इसके अलावा मौके पर पाए गए लगभग 1200 किलोग्राम जावा महुआ को नियमानुसार नष्ट किया गया।
अवैध शराब अड्डों के संचालकों के खिलाफ उत्पाद अधिनियम की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है। आरोपी फिलहाल फरार बताए जा रहे हैं और उनकी गिरफ्तारी के लिए आगे की कार्रवाई जारी है।
अधीक्षक उत्पाद ने बताया कि जिले में अवैध शराब के निर्माण, भंडारण और बिक्री के खिलाफ इस तरह के अभियान लगातार चलाए जाएंगे और दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।



