आदित्यपुर वार्ड 17 में जल संकट पर महिला मोर्चा ने सौंपा ज्ञापन , अपर नगर आयुक्त पारुल सिंह ने निरीक्षण के उपरांत दिया समाधान के आश्वासन…



आदित्यपुर:- आदित्यपुर नगर निगम के वार्ड संख्या 17 में गहराते जल संकट को लेकर नागरिक समन्वय समिति के महिला मोर्चा ने नगर निगम के अपर नगर आयुक्त पारुल सिंह को ज्ञापन सौंपा। इस दौरान महिला मोर्चा की अध्यक्षा सुमन राय, संरक्षिका शशि प्रभा सिंह और जितेन्द्र रजक के नेतृत्व में एक प्रतिनिधिमंडल ने वार्ड में पानी की गंभीर समस्या की ओर नगर प्रशासन का ध्यान आकर्षित किया।
महिला मोर्चा की मांग पर तत्काल कार्रवाई करते हुए अपर नगर आयुक्त पारुल सिंह ने निगम के संबंधित पदाधिकारी को टैंकर द्वारा जल आपूर्ति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। साथ ही, उन्होंने आश्वासन दिया कि जेएस टावर के पास सरकारी जमीन को चिह्नित कर वहां शीघ्र ही डीप बोरिंग कराई जाएगी, जिससे इस क्षेत्र के निवासियों को जल संकट से राहत मिल सके।
समस्या के समाधान को लेकर नगर निगम ने आगे कदम बढ़ाते हुए पारुल सिंह ने खुद वार्ड 17 का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने स्थानीय निवासियों से संवाद किया और उन्हें आश्वस्त किया कि जल्द ही जुस्को से बातचीत कर हर घर में नियमित जलापूर्ति की व्यवस्था कराई जाएगी।
जल संकट से जूझ रहे वार्ड 17 के नागरिकों को नगर निगम के इस पहल से राहत की उम्मीद है। अब देखना होगा कि ये आश्वासन कितनी जल्दी हकीकत में बदलते हैं और क्षेत्रवासियों को स्थायी समाधान मिल पाता है या नहीं।


