पटना में लॉरेंस बिश्नोई गैंग के बिहार प्रभारी का एनकाउंटर,


बिहार: बिहार की राजधानी पटना के मसौढ़ी में एनकाउंटर हुआ है। पुलिस ने कुख्यात लॉरेंस बिश्नोई गैंग के एक सदस्य को गोली मारी है। इस मुठभेड़ में लॉरेंस बिश्नोई गैंग का सदस्य घायल हो गया है। बदमाश का नाम परमानंद यादव बताया जा रहा है। अभियुक्त परमानंद यादव के विरुद्ध हत्या, लूट एवं डकैती जैसे 20 से अधिक आपराधिक मामले विभिन्न थानों में दर्ज हैं। यह अपराधी राहुल सिंह गैंग से संबंधित है, जिसका संबंध लॉरेंस बिश्नोई गैंग से बताया जा रहा है.एनएच-22 पर लाला बीघा गांव के पास परमानंद यादव पल्सर बाइक से अपने एक साथी से मिलने जा रहा था। पुलिस को देखते ही उसने भागने की कोशिश की और खुद को घिरा हुआ पाकर पुलिस टीम पर गोली चला दी। जवाबी कार्रवाई में पुलिस की गोली उसके पैर में लगी, जिससे वह घायल होकर गिर पड़ा।एनकाउंटर के बाद मौके पर अतिरिक्त पुलिस बल पहुंचा और पूरे इलाके की घेराबंदी कर सघन जांच शुरू कर दी गई। घायल अपराधी को तुरंत अस्पताल ले जाया गया, जहां उसका इलाज चल रहा है। पुलिस अब उससे पूछताछ की तैयारी कर रही है ताकि गिरोह के नेटवर्क और संभावित वारदातों की जानकारी मिल सके।पुलिस के अनुसार, परमानंद यादव झारखंड के लातेहार जिले के चंदवा थाना क्षेत्र के चटेर गांव का निवासी है। उस पर पटना समेत बिहार और झारखंड के कई जिलों में तीन दर्जन से अधिक संगीन आपराधिक मामले दर्ज हैं। वह लंबे समय से पुलिस की रडार पर था और लॉरेंस बिश्नोई गैंग के लिए बिहार में गतिविधियों को संभाल रहा था।




