देर रात घर का ताला तोड़कर 5 खस्सी चोरी, गांव में हड़कंप


जमशेदपुर : ग्रामीण क्षेत्र के बोड़ाम थाना अंतर्गत आदर्शराय गांव के केंदाडीह टोला में शुक्रवार देर रात चोरों ने एक घर का ताला तोड़कर पांच खस्सी (बकरी) चोरी कर ली. घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल बन गया है. बताया जाता है कि सातनाला–बोड़ाम मुख्य सड़क किनारे रहने वाले आशुतोष महतो अपने घर में पांच खस्सी पालकर रखते थे. शुक्रवार रात घर के लोग बाहर थे, जिसका फायदा उठाकर अज्ञात चोर पीछे के रास्ते से घर में घुस गए और वहां बंधी पांचों खस्सी लेकर फरार हो गए.

शनिवार सुबह करीब पांच बजे परिवार के लोगों को घटना की जानकारी तब हुई जब उन्होंने घर का ताला टूटा हुआ पाया. इसके बाद ग्रामीणों को सूचना दी गई, जिससे पूरे इलाके में हड़कंप मच गया. पशुपालक आशुतोष महतो ने बोड़ाम थाना में अज्ञात चोरों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराई है. बताया जा रहा है कि इस चोरी से उन्हें काफी आर्थिक नुकसान हुआ है.
ग्रामीणों का कहना है कि क्षेत्र में हाल के दिनों में चोरी की घटनाएं बढ़ रही हैं, जिससे लोगों में चिंता और असुरक्षा का माहौल है. ग्रामीणों ने आशंका जताई है कि किसी गिरोह द्वारा इस तरह की वारदातों को अंजाम दिया जा रहा है. सूचना मिलने पर पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी है और आसपास के इलाकों में चोरों की तलाश जारी है.



