मनोज तिवारी के घर में हुई लाखों की चोरी,


दिल्ली: दिल्ली की उत्तर-पूर्वी लोकसभा सीट से बीजेपी सांसद और मशहूर गायक मनोज तिवारी के मुंबई स्थित आवास में 5.40 लाख रुपये की चोरी का मामला सामने आया है. यह घटना अंधेरी पश्चिम के शास्त्रीनगर इलाके में स्थित सुंदरबन अपार्टमेंट की है, जहां उनके पूर्व कर्मचारी ने ही चोरी को अंजाम दिया.पुलिस के अनुसार, सीसीटीवी फुटेज की जांच के दौरान आरोपी की पहचान हुई। जांच में सामने आया कि आरोपी ने चोरी के लिए डुप्लीकेट चाबियों का इस्तेमाल किया था। अंबोली पुलिस ने बताया कि प्रमोद पांडे पिछले 20 वर्षों से मनोज तिवारी के मैनेजर के तौर पर काम कर रहे हैं। उन्होंने अपनी शिकायत में कहा कि घर के एक कमरे में रखी कुल 5.40 लाख रुपये की नकदी चोरी हुई। इसमें से 4.40 लाख रुपये जून 2025 में अलमारी से गायब हो गए थे, हालांकि उस समय चोर का पता नहीं चल सका था।चोरी की गुत्थी सुलझाने के लिए दिसंबर 2025 में घर के भीतर सीसीटीवी कैमरे लगाए गए थे। 15 जनवरी 2026 की रात करीब 9 बजे रिकॉर्ड हुए फुटेज में पूर्व कर्मचारी सुरेंद्र कुमार शर्मा चोरी करते हुए नजर आया। फुटेज में यह भी दिखा कि उसके पास घर, बेडरूम और अलमारी की डुप्लीकेट चाबियां थीं। उस रात उसने करीब 1 लाख रुपये की नकदी चुरा ली। सीसीटीवी फुटेज के आधार पर पहचान होने के बाद आरोपी ने अपराध कबूल कर लिया। इसके बाद पुलिस को सूचना दी गई और अंबोली पुलिस ने मौके पर पहुंचकर उसे गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज जब्त कर लिया है और मामले की आगे जांच जारी है।




