कैरव गांधी अपहरण मामला : इंडोनेशिया के मोबाइल नंबर से आया व्हाट्सएप कॉल, मांगी 5 करोड़ फिरौती


Saraikela : – शहर के जाने-माने कारोबारी और उद्यमी संगठन एसिया के उपाध्यक्ष देवांग गांधी के घर उस समय हड़कंप मच गया, जब उनके मोबाइल फोन पर इंडोनेशिया के एक नंबर से कॉल और संदेश आया. कॉल करने वाले ने खुद को अपहरणकर्ता बताते हुए देवांग गांधी के पुत्र कैरव गांधी के अपहरण का दावा किया और 5 करोड़ रुपये की फिरौती की मांग कर दी. रकम नहीं देने पर बेटे की हत्या की धमकी भी दी गई. जानकारी के अनुसार, देवांग गांधी के मोबाइल पर +62 83194765544 नंबर से फोन और मैसेज आया, जिसमें स्पष्ट रूप से कहा गया कि यदि 5 करोड़ रुपये नहीं दिए गए तो कैरव गांधी को मार दिया जाएगा. विदेशी नंबर से आई इस धमकी के बाद परिजन पूरी तरह सहम गए और तत्काल पुलिस को सूचना दी गई.
* स्कॉर्पियो से अगवा करने का दावा-
अपहरणकर्ताओं ने दावा किया है कि कैरव गांधी को स्कॉर्पियो वाहन से अगवा किया गया है. हालांकि पुलिस अभी इस दावे की हर एंगल से जांच कर रही है. मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने त्वरित कार्रवाई शुरू कर दी है.
* SIT का गठन, कई राज्यों में छापेमारी-
इस हाई-प्रोफाइल मामले में वरीय अधिकारियों के निर्देश पर विशेष जांच टीम (SIT) का गठन किया गया है. पुलिस की 7 टीमें बिहार, पश्चिम बंगाल और ओडिशा में संभावित ठिकानों पर छापेमारी कर रही हैं. साथ ही कॉल डिटेल्स, लोकेशन और साइबर एंगल से भी जांच तेज कर दी गई है.
* FIR दर्ज, साइबर और तकनीकी जांच तेज-
इस मामले में बिष्टुपुर थाना में अज्ञात अपराधियों और उक्त इंडोनेशियाई नंबर के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है. पुलिस साइबर सेल की मदद से यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि कॉल वास्तव में विदेश से आया है या फिर किसी तकनीकी माध्यम से विदेशी नंबर का इस्तेमाल किया गया है.
* पुलिस का दावा — जल्द होगा खुलासा-
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है और जल्द ही पूरे घटनाक्रम का खुलासा कर लिया जाएगा. फिलहाल परिजनों से लगातार संपर्क में रहकर सुरक्षा और जांच दोनों पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है. शहर में इस घटना को लेकर दहशत का माहौल है और लोग पुलिस की कार्रवाई पर नजर बनाए हुए हैं.




