18 फरवरी से झारखंड बजट सत्र की शुरुआत, 24 को पेश होगा 2026-27 का बजट


रांची : झारखंड विधानसभा का बजट सत्र 18 फरवरी से शुरू होकर 19 मार्च तक चलेगा। इस सत्र के दौरान 24 फरवरी को वित्त मंत्री राधाकृष्ण किशोर वित्तीय वर्ष 2026-27 का आम बजट सदन में पेश करेंगे।

सत्र की शुरुआत 18 फरवरी को राज्यपाल के अभिभाषण से होगी। पहले दिन शोक प्रस्ताव भी लिया जाएगा। 19 फरवरी को धन्यवाद प्रस्ताव पर चर्चा होगी।
20 फरवरी को वित्तीय वर्ष 2025-26 की तृतीय अनुपूरक व्यय विवरणी सदन में रखी जाएगी। इसके बाद अभिभाषण पर चर्चा होगी और सरकार की ओर से जवाब दिया जाएगा।
23 फरवरी को अनुपूरक बजट पर वाद-विवाद होगा। 24 फरवरी को आय-व्यय विवरण प्रस्तुत किया जाएगा, जबकि 25 फरवरी को बजट पर सामान्य चर्चा होगी। सत्र का समापन 19 मार्च को गैर-सरकारी संकल्प के साथ होगा।
सत्र को लेकर सत्ता पक्ष और विपक्ष दोनों ने रणनीति बनानी शुरू कर दी है। हालांकि अभी तक किसी भी दल ने विधायक दल की बैठक की आधिकारिक तिथि घोषित नहीं की है। सूत्रों के अनुसार, दोनों पक्ष जल्द बैठक कर सकते हैं।
इस बार का सत्र तकनीकी दृष्टि से भी खास होगा। विधानसभा में नेशनल ई-विधान एप्लीकेशन के जरिए डिजिटल और पेपरलेस व्यवस्था लागू करने की तैयारी है। इससे कार्यवाही अधिक पारदर्शी और तकनीक आधारित होगी।
मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के नेतृत्व में सरकार बजट के माध्यम से जनकल्याणकारी योजनाओं को प्राथमिकता देने की तैयारी में है। अबुआ आवास, मंईयां सम्मान योजना और सर्वजन पेंशन जैसी योजनाओं को प्रमुखता से पेश किया जा सकता है।
प्रशासनिक स्तर पर भी तैयारियां तेज कर दी गई हैं, ताकि सत्र की कार्यवाही सुचारु रूप से संचालित हो सके।



