जमशेदपुर महिला विश्वविद्यालय की ‘जॉय ऑफ गिविंग’ पहल, ट्रांसजेंडर समुदाय को समर्पित रहा 5वां संस्करण


जमशेदपुर : प्रोफेसर डॉ. अंजिला गुप्ता के मार्गदर्शन में जमशेदपुर महिला विश्वविद्यालय के एमबीए विभाग ने 14 फरवरी को ‘जॉय ऑफ गिविंग’ पहल का पांचवां संस्करण सफलतापूर्वक आयोजित किया। यह आयोजन सामुदायिक सेवा के लगातार पांच वर्षों की प्रतिबद्धता का प्रतीक रहा।

सिधगोड़ा परिसर में आयोजित यह कार्यक्रम विशेष रूप से ट्रांसजेंडर समुदाय को समर्पित था। यह पहल विश्वविद्यालय स्तर पर एक ऐतिहासिक कदम माना जा रहा है, जहां इस समुदाय को सम्मान, समानता और समाज में सकारात्मक पहचान दिलाने के उद्देश्य से मंच प्रदान किया गया।
कार्यक्रम का शुभारंभ पारंपरिक दीप प्रज्ज्वलन से हुआ। इसके बाद सांस्कृतिक प्रस्तुतियां, उपहार वितरण और ट्रांसजेंडर समुदाय के सदस्यों द्वारा फैशन शो का आयोजन किया गया, जिसने सभी का ध्यान आकर्षित किया।
डीएसडब्ल्यू डॉ. किश्वर आरा और प्रॉक्टर डॉ. सुधीर साहू ने अपने संबोधन में सहानुभूति, समावेशन और सामाजिक जिम्मेदारी के महत्व पर प्रकाश डाला।
कार्यक्रम के दौरान पुलवामा हमले में शहीद जवानों को एक मिनट का मौन रखकर श्रद्धांजलि भी दी गई।
इस अवसर पर रजिस्ट्रार डॉ. सलोमी कुजूर, सीवीसी डॉ. अन्नपूर्णा झा, डॉ. नूपुर मिंज, डॉ. मनीषा टाइटस, डॉ. कामिनी कुमारी, डॉ. रिजवाना परवीन, डॉ. अनामिका, डॉ. माधुरी प्रियदर्शिनी सहित कई शिक्षक और व्यावसायिक विकास प्रशिक्षक उपस्थित रहे।
कार्यक्रम का समापन ट्रांसजेंडर समुदाय की प्रतिनिधि संजना किन्नर के फीडबैक के साथ हुआ। मंच संचालन डॉ. केया बनर्जी और गगनदीप ने किया, जबकि धन्यवाद ज्ञापन डॉ. श्वेता प्रसाद ने प्रस्तुत किया।
एमबीए की छात्राओं, डॉ. भारती वार्ष्णेय और विभिन्न विभागों के शिक्षक-शिक्षिकाओं की सक्रिय सहभागिता से यह आयोजन सफल रहा।



