जमशेदपुर समाज कल्याण विभाग का निर्देश: 25 जनवरी तक सेविका-सहायिका चयन प्रक्रिया पूरी करने का आदेश


जमशेदपुर : जमशेदपुर के समाहरणालय सभागार में उपायुक्त कर्ण सत्यार्थी की अध्यक्षता में समाज कल्याण विभाग की मासिक समीक्षा बैठक आयोजित हुई। बैठक में आंगनबाड़ी सेवाओं, महिला-बाल विकास योजनाओं और पोषण कार्यक्रमों की प्रगति का विश्लेषण किया गया और कई विषयों पर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।

समीक्षा के दौरान यह पाया गया कि जिले में आंगनबाड़ी केंद्रों पर रिक्त पड़े सेविका तथा सहायिका पदों के लिए चयन प्रक्रिया अपेक्षित गति से नहीं चल रही है। इस पर उपायुक्त ने सख्त निर्देश जारी करते हुए कहा कि सभी रिक्त पदों की चयन प्रक्रिया 25 जनवरी 2026 तक अवश्य पूरी की जाए, ताकि आंगनबाड़ी केंद्रों का संचालन बिना किसी व्यवधान के सुचारू रूप से हो सके।
बैठक में यह भी तय किया गया कि भवनहीन आंगनबाड़ी केंद्रों पर भवन निर्माण कार्य को समयबद्ध पूरा किया जाए और डीएमएफटी योजना के तहत निर्माणाधीन केंद्रों का निरीक्षण कर निर्माण कार्य पूरा कर हस्तांतरण सुनिश्चित किया जाए। इसके अलावा, बिजली कनेक्शन व शुद्ध पेयजल व्यवस्था भी 5 जनवरी 2026 तक पूरी करने के लिए संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए गए।
समाज कल्याण विभाग ने साथ ही निर्देश दिया कि माल्न्यूट्रिशन ट्रीटमेंट सेंटर (MTC) में बच्चों का भर्ती व उपचार शत-प्रतिशत सुनिश्चित किया जाए और सभी महिला पर्यवेक्षिकाओं का आधार प्रमाणीकरण तथा ऑनबोर्डिंग प्रक्रिया भी पूर्ण की जाए। इसके अलावा, केंद्रों के नियमित संचालन की निगरानी के लिए जिला स्तर पर जवाबदेही तय की गई है।



