जमशेदपुर अपहरण कांड का भंडाफोड़, पुलिस मुठभेड़ में तीन बदमाश घायल, छह गिरफ्तार, घटना में उपयुक्त गाड़ी समेत अन्य सामान बरामद…

0
Advertisements
Advertisements

जमशेदपुर : जमशेदपुर में अपहरण की एक सनसनीखेज घटना का पुलिस ने पर्दाफाश करते हुए अपराधियों के मंसूबों पर करारा प्रहार किया है। 13 जनवरी 2026 को बिष्टुपुर थाना क्षेत्र से 24 वर्षीय कैरव गांधी, पिता देवांग गांधी, के अपहरण की घटना के बाद पूर्वी सिंहभूम पुलिस हरकत में आई और बिष्टुपुर थाना कांड संख्या 05/2026 के तहत धारा 140(1) एवं 140(2) बीएनएसएस-2023 के अंतर्गत मामला दर्ज कर व्यापक जांच शुरू की गई। कांड की गंभीरता को देखते हुए वरीय पुलिस अधीक्षक, पूर्वी सिंहभूम के निर्देश पर पुलिस अधीक्षक नगर के नेतृत्व में विशेष अनुसंधान एवं छापामारी दल का गठन किया गया, जिसमें नगर पुलिस, सीआईडी, बिष्टुपुर थाना और तकनीकी शाखा की टीमों को शामिल किया गया। अनुसंधान के क्रम में पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज, कॉल डिटेल रिकॉर्ड, मोबाइल लोकेशन और मानवीय सूचना के आधार पर बिहार के नालंदा, गया और पटना जिलों में लगातार छापेमारी की, जिससे अपहरणकर्ताओं पर दबाव बढ़ता गया। पुलिस दबाव के चलते अपराधी अपहृत युवक कैरव गांधी को एक स्थान से दूसरे स्थान पर ले जा रहे थे और उसे सुरक्षित ठिकाने पर शिफ्ट करने की फिराक में थे। इसी क्रम में चौपारण-बरही रोड पर जीटी रोड के पास पुलिस टीम ने अपराधियों को घेर लिया, जहां खुद को फंसा देख बदमाशों ने पुलिस पर फायरिंग शुरू कर दी और अफरा-तफरी के दौरान आरक्षी हरिपद महतो का सरकारी हथियार छीन लिया। इसके बाद पुलिस ने आत्मरक्षा में जवाबी कार्रवाई करते हुए कुल पांच राउंड गोली चलाई, जिसमें तीन अपराधी गोली लगने से घायल हो गए, जबकि अन्य को घेराबंदी कर दबोच लिया गया। मुठभेड़ के बाद पुलिस ने छीना गया सरकारी हथियार सुरक्षित बरामद कर लिया और सभी घायलों को इलाज के लिए तत्काल एमजीएम अस्पताल, जमशेदपुर में भर्ती कराया गया, जहां उनका इलाज जारी है। पूछताछ के दौरान गिरफ्तार अपराधियों ने अपहरण की साजिश में अपनी संलिप्तता स्वीकार करते हुए बताया कि पुलिस की लगातार दबिश और छापेमारी से घबराकर वे अपहृत युवक को दूसरे स्थान पर ले जाने की योजना बना रहे थे। पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर दो देशी कट्टा, .315 बोर की चार जिंदा गोली, घटना में प्रयुक्त स्कॉर्पियो वाहन और मोबाइल फोन बरामद किए हैं। गिरफ्तार अपराधियों की पहचान नालंदा और गया जिले के रहने वाले गुडु सिंह, उपेंद्र सिंह, अर्जुन सिंह उर्फ अर्जुन, मो. इमरान आलम उर्फ आमिर, सनीज राजा तथा मोहन कुमार प्रसाद के रूप में हुई है। इस पूरी कार्रवाई में बड़ी संख्या में पुलिस पदाधिकारी और जवान शामिल रहे, जिन्होंने सूझबूझ, साहस और तत्परता का परिचय देते हुए अपहरण जैसे गंभीर अपराध का सफल उद्भेदन किया। पुलिस ने साफ शब्दों में कहा है कि जिले में संगठित अपराध, अपहरण और हथियारबंद गिरोह के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा और कानून व्यवस्था से खिलवाड़ करने वालों को किसी भी हाल में बख्शा नहीं जाएगा।

Advertisements
https://bashisthaonline.in
Advertisements
Advertisements

Thanks for your Feedback!

You may have missed