जमशेदपुर : जुगसलाई नगर परिषद चुनाव में कांग्रेस की बड़ी कार्रवाई, अभिजीत सिंह निलंबित

0
Advertisements
Advertisements

जमशेदपुर: जमशेदपुर के जुगसलाई नगर परिषद चुनाव में भाजपा समर्थित चेयरमैन उम्मीदवार ऋंकू सिंह को इंदु देवी द्वारा समर्थन देने के मामले में कांग्रेस ने कड़ी कार्रवाई की है। कांग्रेस के जमशेदपुर जिला अध्यक्ष परविंदर सिंह ने प्रेस विज्ञप्ति जारी कर कांग्रेस नेता अभिजीत सिंह को तत्काल प्रभाव से पार्टी से निलंबित कर दिया है। साथ ही उन्हें आजीवन कांग्रेस की सदस्यता से प्रतिबंधित करने की घोषणा की गई है।

जिला अध्यक्ष ने कहा कि अभिजीत सिंह द्वारा कांग्रेस पार्टी को धोखा देने और कांग्रेस समर्थित उम्मीदवार इंदु देवी के भाजपा समर्थित उम्मीदवार के पक्ष में बैठने के ऐलान को गंभीर विषय माना गया है। उन्होंने अभिजीत सिंह की भूमिका को प्रत्यक्ष और अप्रत्यक्ष रूप से संदिग्ध बताते हुए इसे पूर्ण रूप से अनुशासनहीनता और घोर अनियमितता की श्रेणी में रखा है।

इस मामले को कांग्रेस पार्टी के साथ भीषण धोखेबाजी करार दिया गया है। नगर निकाय चुनाव के दौरान अब तक कांग्रेस पांच लोगों के खिलाफ कार्रवाई कर चुकी है। इससे पहले मानगो नगर निगम चुनाव में मेयर प्रत्याशी सुधा गुप्ता के खिलाफ चुनाव लड़ने वाली कांग्रेस नेता जेबा खान, उनके पति कांग्रेस नेता फिरोज खान, कांग्रेस नेता सलीम खान और अपनी पत्नी को चुनाव मैदान में उतारने वाले जितेंद्र सिंह को भी पार्टी से हटाया जा चुका है।

जिला अध्यक्ष ने बताया कि पूरे प्रकरण का एक डोजियर तैयार किया जा रहा है, जिसे जिला पर्यवेक्षक के माध्यम से प्रदेश प्रभारी, प्रदेश सह प्रभारी और प्रदेश अध्यक्ष को सौंपा जाएगा। इसकी प्रतिलिपि प्रदेश प्रभारी के राजू, प्रदेश सह प्रभारी भूपेंद्र मरावी, प्रदेश अध्यक्ष केशव महतो कमलेश तथा जिला पर्यवेक्षक बलजीत सिंह बेदी को भेज दी गई है।

गौरतलब है कि कांग्रेस ने पहले पुराने कांग्रेसी भोगेंद्र मिश्रा की बहू आरती चौधरी को अपना प्रत्याशी बनाया था। बाद में जब आरती चौधरी का नामांकन रद्द हो गया, तब कांग्रेस नेता अभिजीत सिंह की मां इंदु देवी को कांग्रेस का समर्थित उम्मीदवार घोषित किया गया था।

Advertisements
https://bashisthaonline.in
Advertisements
Advertisements

Thanks for your Feedback!

You may have missed