देहरादून मॉल में जमशेदपुर के कारोबारी विक्रम शर्मा की गोली मारकर हत्या, तीन संदिग्धों की पहचान


देहरादून/जमशेदपुर : उत्तराखंड की राजधानी देहरादून में शुक्रवार सुबह सिल्वर सिटी मॉल परिसर में जमशेदपुर निवासी कारोबारी और समाजसेवी विक्रम शर्मा की गोली मारकर हत्या कर दी गई। घटना से दोनों शहरों के व्यापारिक और सामाजिक हलकों में सनसनी फैल गई।

वारदात के बाद देहरादून पुलिस ने तत्काल कार्रवाई शुरू की। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली गई और संदिग्धों की पहचान की दिशा में महत्वपूर्ण सुराग मिले।
पुलिस सूत्रों के अनुसार, हत्या में शामिल तीन युवकों की पहचान अक्षय, विशाल और आशुतोष के रूप में हुई है। प्रारंभिक जानकारी में तीनों का संबंध बागबेड़ा क्षेत्र से बताया जा रहा है।
आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस लगातार संभावित ठिकानों पर छापेमारी कर रही है। शहर के प्रवेश और निकास मार्गों पर निगरानी बढ़ा दी गई है।
जांच एजेंसियों ने बताया कि मामले की हर एंगल से जांच की जा रही है। व्यावसायिक रंजिश, पुरानी आपराधिक दुश्मनी और स्थानीय नेटवर्क जैसे पहलुओं को जांच के दायरे में रखा गया है।
इसी क्रम में पुलिस ने विक्रम शर्मा के भाई को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू की है, ताकि घटनाक्रम से जुड़े तथ्यों की पुष्टि की जा सके।
बताया जाता है कि विक्रम शर्मा अमन विहार क्षेत्र के निवासी थे और स्टोन क्रशर व्यवसाय से जुड़े थे।
हत्या की खबर मिलते ही जमशेदपुर में शोक और आक्रोश का माहौल बन गया। देहरादून के कारोबारी वर्ग ने भी घटना पर गहरी चिंता जताई है।



