जमशेदपुर सीमा क्षेत्र चोरी मामला: पुलिस ने 48 घंटों में किया खुलासा, पीड़िता के बेटे ने रची थी साजिश


जमशेदपुर: जमशेदपुर से सटे सरायकेला-खरसावां जिले के कपाली ओपी क्षेत्र में हुई चोरी के मामले का स्थानीय पुलिस ने केवल 48 घंटे के भीतर खुलासा कर दिया है। पुलिस के अनुसार चोरी की साजिश खुद पीड़िता के बेटे ने रची थी, जिसे अंजाम देने के लिए उसने अपने साथी की मदद ली थी।
घटना गौसनगर फुटबॉल मैदान के पास रहने वाली सन्नु बेगम के घर में हुई थी। सन्नु बेगम कुछ दिन पहले अपने परिवार के साथ बंगाल के कांटा डीह स्थित चांद साहब बाबा के उर्स मुबारक में शामिल होने गई थीं, तब उनके घर का दरवाज़ा बंद था। लौटने पर उन्होंने देखा कि घर का ताला टूटा हुआ है और नकदी व कीमती सामान गायब हैं। इसके बाद उन्होंने कपाली ओपी में लिखित शिकायत दर्ज कराई।
जांच के दौरान पुलिस ने तकनीकी साक्ष्यों, स्थानीय सूचनाओं और घटनास्थल के आसपास की गतिविधियों का अध्ययन किया। इसी कार्रवाई में यह बड़ा खुलासा हुआ कि पीड़िता के बेटे राज शेख उर्फ चोट्टा ने चोरी की योजना बनाई थी। पुलिस ने कटिंग इलाके में ताजनगर रोड नंबर को कमलपुर थाना क्षेत्र से आरोपी जाशीर अंसारी उर्फ जाशीर बच्चा को एक बस में गिरफ्तार किया। पूछताछ में उसने स्वीकार किया कि चोरी की योजना राज शेख ने बनाई थी और दोनों ने मिलकर चोरी को अंजाम दिया।
अभियुक्त ने यह भी बताया कि घटना के बाद उसे नशा कराया गया और काले रंग की मोटरसाइकिल से उर्स स्थल पर ले जाया गया था। पुलिस ने आरोपी के पास से 2,500 रुपये नकद भी बरामद किए हैं। आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद आरोपी को न्यायालय में पेश किया गया और उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया।
इस कार्रवाई में सब इंस्पेक्टर हीरालाल मुंडू के नेतृत्व में टाइगर मोबाइल के जवान, दस्तगीर आलम, सुनील हापद गड़हा और सशस्त्र बल के जवान शामिल थे। उन्होंने चोरी के इस मामले को सफलतापूर्वक सुलझाने में अहम भूमिका निभाई।




