जलियांवाला बाग एक्सप्रेस फिर चलेगी, रोजाना परिचालन की मांग पर आंदोलन की तैयारी

जमशेदपुर : टाटानगर-अमृतसर के बीच चलने वाली जलियांवाला बाग एक्सप्रेस (18103/18104) का परिचालन दोबारा शुरू करने के रेल मंत्रालय के फैसले से यात्रियों में खुशी है। हालांकि, ट्रेन को सप्ताह के सातों दिन चलाने की मांग को लेकर अब नए सिरे से आंदोलन की तैयारी शुरू हो गयी है। सरदार शैलेंद्र सिंह ने कहा है कि टाटा-जलियांवाला बाग एक्सप्रेस और जम्मूतवी एक्सप्रेस का रोजाना परिचालन शुरू कराने के लिए उनका संघर्ष जारी रहेगा। इस मुद्दे पर जल्द ही सभी संबंधित लोगों के साथ बैठक कर विचार-विमर्श किया जायेगा और ठोस रणनीति तैयार कर आंदोलन की अगली घोषणा की जायेगी। उन्होंने पिछले आंदोलन में सहयोग करने वालों के प्रति आभार भी जताया है।


कोहरे के कारण जलियांवाला बाग एक्सप्रेस का परिचालन रद्द कर दिया गया था। इससे झारखंड और पंजाब के बीच यात्रा करने वाले हजारों यात्रियों, विशेषकर सिख समाज के लोगों को परेशानी हो रही थी। यात्रियों की कठिनाइयों को देखते हुए जमशेदपुर के सांसद विद्युत वरण महतो ने हाल ही में नई दिल्ली में केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव के कार्यालय में कार्यकारी निदेशक विकास जैन से मुलाकात की थी। इस दौरान उन्होंने ट्रेन की उपयोगिता और यात्रियों की समस्याओं को प्रमुखता से उठाया तथा इसके निर्बाध परिचालन की मांग की थी।
सांसद विद्युत वरण महतो के प्रयासों के बाद रेल मंत्री ने ट्रेन का परिचालन पूर्ववत रखने का आश्वासन दिया था। अब रेल मंत्री के निर्देश पर जलियांवाला बाग एक्सप्रेस को फिर से चलाने का निर्णय लिया गया है। इससे यात्रियों को राहत मिली है, लेकिन रोजाना परिचालन की मांग को लेकर आंदोलन जारी रखने की तैयारी है।


