जमशेदपुर सड़क हादसे में चार लोगों की मौत पर जयराम महतो ने जताया दुख, सड़क सुरक्षा को लेकर की अपील

जमशेदपुर : सोनारी थाना क्षेत्र के दोमुहानी मरीन ड्राइव के पास गुरुवार तड़के हुए भीषण सड़क हादसे में चार लोगों की मौत हो गई। मृतकों में झारखंड सरकार की ग्रामीण विकास मंत्री दीपिका पांडेय सिंह की बेटी युविका सिंह भी शामिल हैं। शुरुआती जानकारी के अनुसार, कार सड़क किनारे खड़े एक ट्रक से टकरा गई और बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। पुलिस मामले की जांच कर रही है। हादसे को लेकर डुमरी विधायक जयराम कुमार महतो ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर दुख जताते हुए चारों मृतकों के परिवारों के प्रति संवेदना व्यक्त की।

जयराम महतो ने कहा कि इस हादसे ने एक साथ चार परिवारों से उनके अपनों को छीन लिया। उन्होंने कहा कि जिस उम्र में माता-पिता अपनी संतान को आगे बढ़ते देखते हैं, उस समय बच्चे को खोने का दुख शब्दों में व्यक्त नहीं किया जा सकता। उन्होंने इसे परिवारों के लिए अपूरणीय क्षति बताते हुए दिवंगत आत्माओं की शांति और शोकाकुल परिजनों को इस मुश्किल समय में दुख सहने की शक्ति देने की प्रार्थना की।
विधायक ने लोगों से वाहन चलाते समय सावधानी बरतने की अपील भी की। उन्होंने कहा कि नींद या थकान महसूस होने पर वाहन नहीं चलाना चाहिए। साथ ही सीट बेल्ट का इस्तेमाल करने, वाहन की गति नियंत्रित रखने, शराब या किसी अन्य नशीले पदार्थ के सेवन के बाद ड्राइविंग नहीं करने और वाहन चलाते समय मोबाइल फोन का इस्तेमाल नहीं करने की अपील की।


