बुलेट ट्रेन के पुल से गिरी लोहे की प्लेट, नाव में सवार पिता-बेटी की मौत;


Surat: सूरत के कथोरे गांव के पास तापी नदी पर एक भयावह हादसा सामने आया है। यहां शनिवार को बुलेट ट्रेन के लिए बन रहे पुल से एक भारी लोहे की प्लेट गिरने से पिता और बेटी की मौत हो गई। पिता की उम्र 35 साल थी तो बेटी की उम्र 9 साल थी।मृतकों की पहचान मोहसिन इकबाल शेख और हुमा के रूप में हुई है। हादसा तब हुआ जब वे नदी में मछली पकड़ रहे थे। बताया जा रहा है कि इसी दौरान एक भारी लोहे की प्लेट क्रेन से फिसलकर उनकी नाव पर आ गिरी, जिससे दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए।

पुलिस के अनुसार, पिता और बेटी के अलावा नाव में शख्स की पत्नी भी मौजूद थी। तीनों नाव में सवार होकर निर्माणधीन पुल के खंभे के नीच और नदी के किनारे के बीच एक संकरे रास्ते से गुजर रहे थे। इसी दौरान क्रेन लोहे की प्लेट को एक स्थान से दूसरे स्थान पर रख रही थी तभी वह सीधा नाव पर जा गिरी।हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई. लोगों की चीख-पुकार से पूरा इलाका गूंज उठा. देखते ही देखते बड़ी संख्या में ग्रामीण घटनास्थल पर जुट गए. हादसे की भयावहता का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि नाव बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और दोनों शव प्लेट के नीचे दबे मिले.घटना की सूचना मिलते ही सूरत पुलिस मौके पर पहुंची. राहत और बचाव कार्य शुरू किया गया और कड़ी मशक्कत के बाद शवों को बाहर निकाला गया. पुलिस ने दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है. इस दर्दनाक हादसे के बाद गांव में मातम का माहौल है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है.



