धनबाद सदर अस्पताल में जल्द शुरू होगी IPHL लैब, एक ही छत के नीचे होंगी कई जांच

धनबाद : सदर अस्पताल में इलाज कराने आने वाले मरीजों को जल्द ही एक ही स्थान पर कई तरह की जांच की सुविधा मिलने वाली है। अस्पताल परिसर में इंटीग्रेटेड पब्लिक हेल्थ लैबोरेट्री (IPHL) का भवन लगभग तैयार हो चुका है। इसके शुरू होने के बाद मरीजों को अलग-अलग जांच के लिए अन्य स्थानों पर भटकना नहीं पड़ेगा। अस्पताल की ओपीडी में आने वाले मरीज सरकारी निर्धारित दरों पर जांच करा सकेंगे, जबकि अस्पताल में भर्ती मरीजों को सभी जांच की सुविधा निःशुल्क मिलेगी।


नई लैब शुरू होने से मरीजों को समय पर जांच रिपोर्ट मिलने में मदद मिलेगी। डॉक्टर रिपोर्ट के आधार पर बीमारी की पहचान कर उपचार की दिशा तय कर सकेंगे। इससे इलाज में होने वाली देरी कम करने और मरीजों को समय पर राहत पहुंचाने में सहूलियत होगी। खासकर गंभीर बीमारियों से पीड़ित और बार-बार जांच कराने वाले मरीजों को आर्थिक रूप से राहत मिलने की उम्मीद है।
इस लैब का उपयोग केवल मरीजों की जांच तक सीमित नहीं रहेगा। इसके माध्यम से विभिन्न संक्रामक और अन्य बीमारियों की निगरानी भी की जा सकेगी। किसी क्षेत्र में बीमारी के मामले बढ़ने पर समय रहते उनकी पहचान करने और स्वास्थ्य विभाग को आवश्यक कदम उठाने में मदद मिलेगी। इससे सदर अस्पताल की जांच व्यवस्था मजबूत होने के साथ आम लोगों को सुलभ और किफायती स्वास्थ्य सेवाएं मिल सकेंगी।


