ससुराल में फंदे से लटकी मिली लाश मामले में जांच शुरू

जमशेदपुर।सीतारामडेरा थाना अंतर्गत ईस्ट बंगाल कॉलोनी में महिला खुशबू पाल (31) की उसके ससुराल में फंदे से लटकी लाश के मामले में जांच की जा रही है। जांच के लिए पोस्टमार्टम से मिले सामानों को फोरेंसिक लैब भेजा जाएगा। साथ ही घटना स्थल का भी निरीक्षण डीएसपी करेंगे।इस मामले में मायके वालों ने पति सहित परिवार के अन्य सदस्यों पर हत्या का केस दर्ज किया है। केस लड़की के पिता आनंदो घोष ने दर्ज कराया है। मायके वालों के आरोप के अनुसार, पांच साल पहले शादी हुई थी। शादी के बाद से लगातार प्रताड़ित किया जाता था। उससे मारपीट की जाती थी। लड़की ननद व अन्य लोग मिलकर उसे सताते थे। शुक्रवार रात उसकी हत्या कर दी गई और शव को फंदे से लटका दिया गया। पुलिस पति संजीत पाल को हिरासत में लेकर पूछताछ कर रही है। पिता आनंद घोष के अनुसार, बेटी को ससुराल वाले प्रताड़ित कर रहे थे। इसे लेकर बेटी पहले फोन करती थी। उन लोगों को दहेज चाहिए था और वह इसमें सक्षम नहीं थे। इसके बाद मारपीट कर उसकी हत्या कर दी गई और फंदे से शव को लटका दिया गया। घटना को फांसी का रूप देने कि कोशिश की गई। दूसरी ओर इस मामले में पति संजीत पाल का कहना है कि पत्नी से उसका विवाद था। उसपर लगातार गलत आरोप लगाया जाता था। उसने शुक्रवार की रात खुद को कमरे में बंद कर लिया और फांसी लगा ली। केस दर्ज करने के बाद पुलिस ने जांच शुरू कर दी है।


