भारत की बजाय सऊदी अरब! बांग्लादेश के नए पीएम तारिक रहमान की पहली विदेश यात्रा का बड़ा प्लान


BANGLADESH: बांग्लादेश के नवनिर्वाचित प्रधानमंत्री तारिक रहमान अपनी पहली विदेशी यात्रा भारत के बजाय सऊदी अरब को चुन सकते हैं। सूत्रों के अनुसार, वह मक्का में उमराह करने के लिए सऊदी अरब जाने की संभावना पर विचार कर रहे हैं। यह पारंपरिक कूटनीतिक रूट से अलग कदम माना जा रहा है और क्षेत्रीय राजनयिक हलकों में चर्चा का विषय बन गया है।बांग्लादेश की सत्तारूढ़ BNP के करीबी सूत्रों ने बताया है कि इस यात्रा में धार्मिक पहलू के साथ विदेशी नीति संकेत भी हो सकते हैं। हालांकि तारिक रहमान ने भारत के साथ सकारात्मक और करीबी रिश्ते बनाए रखने के इशारे भी दिए हैं, लेकिन पहली यात्रा सऊदी अरब को प्राथमिकता देना दोनों देशों के संबंधों पर चर्चाओं को जन्म दे रहा है। बता दें कि तारिक रहमान ने 17 फरवरी को बांग्लादेश का प्रधानमंत्री पद संभाला था। उनके नेतृत्व में BNP ने हाल के आम चुनावों में बड़ी जीत हासिल की थी, जिससे 17 वर्षों के बाद वे सत्ता में लौटे हैं। भारत ने भी बांग्लादेश के नए मंत्रियों के साथ संवाद और सहयोग को आगे बढ़ाने की इच्छा जताई है। भारतीय उच्चायुक्त प्रणय वर्मा ने ढाका में BNP नेताओं से मुलाकात कर आपसी सहयोग पर बातचीत की। विशेषज्ञों का मानना है कि यह फैसला बांग्लादेश की नई सरकार की विदेश नीति प्राथमिकताओं को परिभाषित कर सकता है। सऊदी अरब यात्रा धार्मिक और कूटनीतिक संकेतों को एक साथ लेकर चलने की सोच से जुड़ी दिखती है, जबकि भारत-बांग्लादेश रिश्तों को भी प्रभावित कर सकती है।




