कनाडा के अस्पताल में 8 घंटे तड़पता रहा भारतीय शख्स, इलाज के इंतजार में तोड़ा दम


कनाडा: कनाडा के एडमॉन्टन से एक रोंगटे खड़े कर देने वाली खबर सामने आई है। यहां एक 44 वर्षीय भारतीय मूल के प्रशांत श्रीकुमार की अस्पताल की लापरवाही के कारण मौत हो गई। प्रशांत को सीने में तेज दर्द के बाद अस्पताल ले जाया गया था, लेकिन उन्हें इमरजेंसी वार्ड के वेटिंग एरिया में 8 घंटे तक बिना किसी इलाज के बैठाए रखा गया, जिसके बाद उन्होंने दम तोड़ दिया।प्रशांत की फैमिली ने सोशल मीडिया पोस्ट के जरिए अपने बेटे की मौत की सारी कहानी बताई है। अस्पताल में प्रशांत को भर्ती कराने के कुछ देर बाद ही उसके पिता भी वहां पहुंच गए थे। उन्होंने अपने पिता को बताया कि सीने में बेहद तेज दर्द हो रहा है। वह लगातार कहते रहे- पापा अब दर्द बर्दाश्त नहीं हो रहा है। आखिरकार तड़प-तड़प कर उनकी मौत हो गई।
इस घटना के बाद सोशल मीडिया पर एक वीडियो सामने आया है, जिसमें प्रशांत की पत्नी अस्पताल में हुए पूरे घटनाक्रम को बता रही हैं। उन्होंने कहा कि प्रशांत का ब्लड प्रेशर 210 तक पहुंच गया था, इसके बावजूद सिर्फ टॉयलेनोल दी गई। वीडियो के सामने आने के बाद कनाडा के हेल्थ सिस्टम पर सवाल उठने लगे हैं। अभी तक इस वीडियो की पुष्टि नहीं हो सकी है। प्रशांत अपने परिवार के लिए अकेले कमाने वाले थे। उनकी पत्नी और तीन छोटे बच्चे हैं। बच्चों की उम्र 3, 10 और 14 साल बताई गई है। परिवार का कहना है कि अगर समय पर इलाज मिल जाता, तो जान बच सकती थी। इस घटना के बाद परिवार सदमे में है और अस्पताल की लापरवाही पर सवाल उठा रहा है। सोशल मीडिया पर भी इस मामले को लेकर नाराजगी देखी जा रही है।ग्रे नन हॉस्पिटल ने प्रशांत की मौत पर दुख जताया है। हॉस्पिटल मैनेजमेंट ने कहा- हम मरीज की फैमिली और दोस्तों के प्रति दुख जाहिर करते हैं। हालांकि, गोपनीयता से जुड़े नियमों का हवाला देते हुए इलाज से जुड़ी जानकारी साझा करने से इनकार किया है। बयान में कहा गया कि मरीजों और स्टाफ की सुरक्षा हमारे लिए सबसे अहम है। हालांकि, प्रशांत का परिवार इस जवाब से संतुष्ट नहीं है।




