भारत का न्यूजीलैंड से सामना, दांव पर सेमीफाइनल का टिकट


नवी मुंबई के डी वाई पाटिल स्टेडियम में आज दोपहर 3 बजे से विमेंस वर्ल्ड कप 2025 का 24वां मुकाबला भारत और न्यूजीलैंड के बीच खेला जाएगा। यह मुकाबला भारतीय टीम के लिए करो या मरो जैसा है, क्योंकि सेमीफाइनल में जगह बनाने के लिए उसे हर हाल में जीत हासिल करनी होगी।
भारतीय टीम 5 में से 2 मुकाबले जीतकर प्वाइंट्स टेबल में चौथे स्थान पर मौजूद है. इस टीम ने श्रीलंका और पाकिस्तान के खिलाफ अपने शुरुआती दो मुकाबले जीते थे, जिसके बाद उसे साउथ अफ्रीका, ऑस्ट्रेलिया और इंग्लैंड के विरुद्ध हार का सामना करना पड़ा.
दूसरी ओर, पांच में से एक मुकाबला जीतकर न्यूजीलैंड की टीम पांचवें पायदान पर मौजूद है. इस टीम ने ऑस्ट्रेलिया और साउथ अफ्रीका के खिलाफ शुरुआती दो मुकाबले गंवाने के बाद बांग्लादेश के विरुद्ध मैच 100 रन से जीता. इसके बाद श्रीलंका और पाकिस्तान के खिलाफ अगले दो मैच बारिश के चलते बेनतीजा रहे.
पिछले मुकाबले में नवी मुंबई की पिच पर बांग्लादेश के खिलाफ पहले बल्लेबाजी करने उतरी श्रीलंकाई टीम सिर्फ 202 रन ही बना सकी. दूसरे हाफ में थोड़ी ओस नजर आई थी. मुंबई में बेमौसम बारिश जारी है. गुरुवार को दोपहर में धुंध छाई रहेगी. शाम को बारिश की आशंका है. भारत और न्यूजीलैंड की महिला टीमों ने साल 1978 से 2024 के बीच 57 वनडे मैच खेले, जिसमें 22 मैच भारत के पक्ष में रहे, जबकि न्यूजीलैंड ने 34 मैच अपने नाम किए. इस बीच एक मैच टाई रहा.
गौरतलब है कि यह मैच भारत के लिए केवल एक मुकाबला नहीं, बल्कि सेमीफाइनल टिकट की लड़ाई है। भारतीय टीम को आज अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करना होगा वरना टूर्नामेंट का सफर यहीं थम सकता है। वहीं अगर भारतीय टीम न्यूज़ीलैंड को हरा देती है, तो वह सेमीफाइनल में पहुंचने वाली चौथी टीम बन जाएगी।




