आदित्यपुर में बिजली विभाग सड़क के बीच तार क्रॉस कर बुन रहा मौत का जाल, खतरे को दे रहा खुला आमंत्रण


आदित्यपुर:- आदित्यपुर में बिजली विभाग द्वारा नए खंभे और तार बिछाने का कार्य इन दिनों चर्चा का विषय बना हुआ है। विकास के नाम पर किए जा रहे इस कार्य में सुरक्षा मानकों की अनदेखी सामने आ रही है। कई स्थानों पर सड़क के बीचो-बीच बिजली के तारों को क्रॉस कर लगाया जा रहा है, जिससे आम लोगों की जान पर खतरा मंडराने लगा है।
स्थानीय नागरिकों का कहना है कि इस खतरनाक स्थिति को लेकर विभागीय अधिकारियों को अवगत कराया गया, लेकिन शिकायत के बावजूद कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया। बिना सुरक्षा घेराबंदी और चेतावनी संकेतों के चल रहा यह कार्य न केवल नियमों के खिलाफ है, बल्कि संभावित दुर्घटना को न्योता भी दे रहा है।
लोगों में इस लापरवाही को लेकर आक्रोश है। उनका सवाल है कि यदि किसी तरह की दुर्घटना होती है तो इसकी जिम्मेदारी कौन लेगा। क्षेत्रवासियों ने प्रशासन से मांग की है कि वह तत्काल हस्तक्षेप कर बिजली विभाग को सुरक्षा मानकों के अनुरूप कार्य कराने का निर्देश दे, ताकि किसी अनहोनी से पहले हालात पर काबू पाया जा सके।




